प्रतापगढ़ व अमेठी जिलाें की सीमा हुनमानगढ़ी तिराहे पर मंगलवार को दो समुदायों के बीच हुए हुए सांप्रदायिक संघर्ष में पुलिस ने 93 उपद्रवियों के खिलाफ एफआईआार दर्ज की है। पीड़िताें की ओर से तीन अन्य मुकदमे हमलावरों पर दर्ज कराए गए हैं। पुलिस ने नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फरार उपद्रवियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
सांगीपुर के भैंसना गांव व अमेठी जिले के सिलोखर गांव के दो संप्रदायों के बीच मंगलवार को संघर्ष हो गया था। लाठी-डंडे व ईट-पत्थरों के चलने से करीब बीस लोग घायल हो गए। दो जिलों की सीमा पर हुए सांप्रदायिक संघर्ष पर कमिशभनर, डीआईजी समेत प्रतापगढ़ व अमेठी के जिलाधिकारी द्वारा बड़ी संख्या में फोर्स लेकर पहुंचने पर बवाल थम सका था। मामले में मंगलवार देर रात चार मुकदमे दर्ज कराए गए थे। पहला मुकदमा सांगीपुर के उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार की ओर से 93 उपद्रवियों के खिलाफ लिखाया गया है। सांगीपुर थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर में एक पक्ष के भैंसना निवासी मोहम्मद बान, गुल्लू, चांद, शाहरुख, फाना, वकील समेत पचास लोगों पर धारा 144 के उल्लंघन व शांतिभंग का मामला दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष के शाहबरी, पूरेनारायन दास व भैंसना निवासी उदयभान, सूर्यभान, संजय, राजबहादुर, विक्रम, कमलेश समेत 43 के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
उधर घटना को लेकर शाहबरी निवासी हरिशंकर सिंह की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में कहा गया है कि उनके भतीजे उदयभान व सूर्यभान पर उपद्रव के दौरान कातिलाना हमला किया गया। जिसमें भैंसना के आजाद, गुल्ले, शरीफ व सलमान पर हत्या के प्रयास की रिपोर्ट लिखी गई है। वहीं शाहबरी के प्रिंस ने सांगीपुर में भैंसना के आजाद, गुल्ले, शरीफ, व बेंचू के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कराया है। उसका आरोप है हमलावर मंगलवार को उपद्रव के दौरान उसके चाचा का पीट रहे थे। बीचबचाव करने पर उसे जमकर पीटा गया और जाने से मारने की धमकी दी गई। मंगलवार को बवाल में भैंसना हनुमानगढ़ी निवासी मोहम्मद बान उर्फ निजाम ने अमेठी के अजय सिंह, वीरेंद्र सिंह, विनोद, शंकर, विक्रम व अभय के खिलाफ घर में घुसकर तोड़फोड़, आगजनी, चोरी, मारपीट व बलवा करने के के आरोप में केस दर्ज कराया है। उपद्रवियों के खिलाफ चार एफआईआर दर्ज होने से गांव में हड़कंप मचा है। पुलिस भी आरोपियों पर शिकंजा कस चुकी है। ताबड़तोड़ दबिश में आजाद व गुल्ले को गिरफ्तार किया गया है। उनको हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सांगीपुर पुलिस अन्य उपद्रवियों को भी गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
दोनाें पक्षों में अभी भी तनाव
दो संप्रदायों के बीच हुए संघर्ष के दूसरे दिन भी तनाव बरकरार रहा। पुलिस को देखकर लोग कुछ बोल नहीं रहे लेकिन मंगलवार को दिन भर जिस तरह से उपद्रव हुआ। एक दूसरे को पीटा गया उससे तनाव बरकरार है। मामला भले ही दो जिलों के अलग-अलग गांवों का है लेकिन सीमावर्ती होने के चलते उपद्रव करने वाले एक दूसरे को जानते-पहचानते हैं। यही कारण है कि एक दूसरे को सामने पाकर बवाल दोबार भी होने की पूरी संभावना बनी हुई है।