कोहड़ौर/मकूनपुर (प्रतापगढ़)। इंटरनेशनल काल के जरिए लोगों से रंगदारी मांगने व जान से मारने की धमकी देने वाले बदमाशों की मदद विदेश में रहने वाला मदुरा रानीगंज के पूर्व प्रधान का बेटा इंजमामुल हसन करता है। उसके ऊपर एक लाख का इनाम घोषित किया गया है। जल्द ही उसे भारत लाने के लिए वहां की सरकार को पत्र भेजा जाएगा। लाखीपुर के प्रधान से पूछताछ करने पहुंचे आईजी मोहित अग्रवाल ने बताया कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
कोहड़ौर थाना क्षेत्र के लाखीपुर प्रधान रामकुमार के मोबाइल पर बुधवार दोपहर 6 डिजिट वाले नंबर से फोन आया। उसने खुद को सद्दाम बताया तो प्रधान के होश उड़ गए थे। उसने अपना मोबाइल गनर अंशू को थमा दिया। गनर व सद्दाम के नाम से फोन करने वाले के बीच जमकर तकरार हुई। शिकायत मिलने पर एसपी ने सर्विलांस टीम को छानबीन के लिए लगाया। खुद को सद्दाम बताने वाले ने एक माह के भीतर प्रधान को जान से मारने की धमकी गनर से दी थी। गुरूवार को पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा कोहड़ौर थाने पहुंचे। प्रधान रामकुमार व गनर अंशू मिश्रा से जानकारी ली। कुछ देर बाद आईजी जोन मोहित अग्रवाल भी पहुंच गए। उन्होंने भी दोनों से धमकी के बारे में छानबीन करने के बाद प्रधान को अलर्ट रहने के लिए कहा।
मीडिया से बात करते हुए आईजी ने बताया कि अभी तक की छानबीन में यह स्पष्ट हो गया है कि व्यापारी भाइयों की हत्या व बैंक डकैती की घटना को अंजाम देने वाले शातिर बदमाश अंकुर उर्फ हब्बू सरोज और सद्दाम की पूर्व प्रधान शेर अली के सऊदी अरब में रहने वाले बेटे इंजमामुल हसन से दोस्ती है। पुलिस से बचने के लिए बदमाश सऊदी अरब में रहने वाले इंजमामुल से मदद लेते थे। इंटरनेशल काल के जरिए लोगों को वहीं से धमकी दी जाती थी। शातिर फरार बदमाश हब्बू पासी व सद्दाम की मदद करने वाले इंजमामुल हसन पर भी एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया जा रहा है। पूर्व प्रधान का बेटा विदेश से फरारी काट रहे हब्बू और सद्दाम की आर्थिक मदद करता रहता है। जल्द ही उसे लाने के लिए सऊदी सरकार को पत्र भेजा जाएगा।
आईजी मोहित अग्रवाल ने बताया कि पूर्व प्रधान का बेटा इंजमामुल हसन सऊदी में रहते हुए फरार बदमाशों की मदद करता है। वह कांफ्रेंसिंग के जरिए 6 व 8 डिजिट वाले नंबरों से फोन कर लोगों को रंगदारी के लिए धमकी दिलाता था। चूंकि बदमाशों को मालूम है कि लोकल मोबाइल नंबरों को पुलिस ट्रेस कर लेती है, लेकिन इंटरनेशनल नंबरों के बारे में पता करने में दिक्कत होती है।