मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान जाति विशेष के लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में सपा नेता के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिला पंचायत सदस्य व भाजपा नेता की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आडियो क्लिप को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजने का फैसला किया है। आडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिले भर में बवाल मचा है।
कुंडा क्षेत्र के मऊदारा निवासी छविनाथ यादव सपा के जिला उपाध्यक्ष हैं। दो दिनों से सोशल मीडिया पर एक आडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यक्ति द्वारा जाति विशेष के लोगों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। गालीगलौज के बोल भी सुनाए पड़ते हैं। कुंडा के रहने वाले किसी साके को धमकी भरे शब्द भी बोले जा रहे हैं।
बताया जा रहा कि टिप्पणी करने वाली आवाज सपा के जिला उपाध्यक्ष छविनाथ यादव की है। सोशल मीडिया पर यह आडियो क्लिप वायरल होने के बाद कुंडा इलाके में बवाल मचा है। कई व्हाट्सएप ग्रुपों और फेसबुक पर इसेे लेकर गालीगलौज तक होने लगी। जिला पंचायत सदस्य व भाजपा नेता प्रकाश सिंह ने कुंडा पुलिस को तहरीर दी। इसके साथ ही कुंडा पुलिस को आडियो क्लिप भी मुहैया कराया।
इस मामले में कुंडा कोतवाल का कहना है कि प्रकाश सिंह की तहरीर पर सपा नेता छविनाथ यादव के खिलाफ जातीय टिप्पणी कर माहौल खराब करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दूसरी ओर सपा नेता पर कार्रवाई को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी को भी लोगों ने ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की।