भाजपा के सदस्यता अभियान के लिए नगर में जगह-जगह लगाई गई होर्डिंग पर फिर से किसी ने गोबर फेंक दिया। इस मामले को लेकर माहौल गरमाया लेकिन ज्यादा हो हल्ला नहीं हुआ। पुलिस ने बोर्ड की सफ ाई करा कर मामला समाप्त करा दिया। नगर में इससे पूर्व इस तरह की घटना में विहिप अध्यक्ष ने कोतवाली में प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। बीते 11 दिसंबर को पट्टी नगर में भाजपा के सदस्यता अभियान की शुरूआत पर नगर में कई स्थानों पर पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व पूर्व मंत्री मोती सिंह की होर्डिंग लगाई गई थी।
शनिवार की सुबह लोगों की नजर बाईपास तथा भारत सिंह इंटर कालेज के सामने लगी होर्डिंग पर नजर गई तो गोबर फेंका गया था। इसके पूर्व भी नवंबर माह में रामराज इंटर कालेज गेट पर लगी होर्डिंग पर गोबर फेंका गया था। उस समय खासा हंगामा मचा था। विहिप के अध्यक्ष विष्णुदत्त तिवारी ने इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। शनिवार को सूचना मिलने पर दरोगा को भेजकर होर्डिंग धुलवा कर मामला रफा दफा कर दिया गया।
पीएम मोदी के पोस्टर पर गोबर फेंकने की घटना की सूचना पर होर्डिंग धुलवाने पहुंचे दरोगा जी को यह जिम्मा नागवार लगा। इस दौरान उनका पारा चढ़ा नजर आया और खामियाजा उधर से गुजरने वाले राहगीरों को भुगतना पड़ा। इस दौरान उन्होंने दबंगई दिखाते हुए बाइक सवार तीन युवकों को ठंड में खुली सड़क पर मुर्गा बनवा दिया।
पोस्टर की सफाई कराने का जिम्मा दरोगा तिलक सिंह को दिया गया था। अपने इंचार्ज के इस फरमान से वह खासे खफा नजर आए और उनका पारा चढ़ गया। होर्डिंग धुलवाने के दौरान वह आसपास गुजर रहे लोगों पर दंबगई दिखा रहे थे। इस बीच उधर से गुजर रहे बाइक सवार तीन लोगों ने विरोध जताया तो उन्हें सबक सिखाने की बात करते हुए सड़क पर ही मुर्गा बना दिया। दरोगा जी की यह दबंगई देख वहां राहगीर रुक गए लोगों की भीड़ जुटती देख उन्होंने युवकों को वहां से भगा दिया और खुद भी वहां से निकल गए। सरे बाजार दरोगा जी द्वारा दबंगई दिखाने का यह मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।