जगन्नाथपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा
लालगंज पुलिस व एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए धारूपुर निवासी शहंशाह, विशाल शुक्ला उर्फ बिट्टू, अविनाश तिवारी उर्फ रजत को जगन्नाथपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर पकड़ा।
लालगंज प्रभारी निरीक्षक ने हमराहियों के साथ मृतक की पत्नी सुमन को कालाकांकर मार्ग के आगे वन विभाग के जंगल के पास नहर पटरी से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार मृतक की पत्नी ने पति की हत्या की साजिश रचने की बात स्वीकार की है। तलाशी के दौरान सुमन के पास से पुलिस ने मोबाइल फोन व 100 रुपये नकदी बरामद की है।
खून के छींटों से सने थे आरोपियों के कपड़े
हत्या के दौरान आरोपियों के कपड़े खून के छींटों से सने थे। पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने कपड़ा छिपाकर घर में रख दिया था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कपड़ों को उनके घर से बरामद किया है।
पत्नी बोली- नजदीकी दोस्त से करवाई हत्या
व्यापारी की हत्या के मामले में आरोपी पत्नी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसने अपने नजदीकी दोस्त शहंशाह और उसके साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। उसने अपना जुर्म कुबूल किया है। मृतक के भाई दीपक कौशल का आरोप है कि भाभी सुमन की शहंशाह से दोस्ती थी। जो भाई उमाशंकर को पसंद नहीं थी।
विरोध के बावजूद कई बार शहंशाह घर भी आ चुका था। मारपीट तक हो चुकी थी। उसके बाद भी भाभी भाई की बात नहीं सुनती थी। बड़े भाई के लगातार विरोध के कारण भाभी ने उसकी हत्या करवा दी।
बेटियों को ताने हजार...दुख में छोड़ा अपनों ने साथ
पिता की मौत और मां के जेल जाने पर तीन बेटियां उनको याद कर सिसक रही हैं। परिवार वालों ने भी साथ छोड़ दिया। दुख में उनके साथ खड़ा होने वाला कोई नहीं है। लालगंज बाजार निवासी व्यापारी उमाशंकर कौशल की हत्या के बाद मृतक के भाई दीपक कौशल की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की है। मृतक की बड़ी बेटी रिया (12) ने बताया कि पिता की मौत का इन्साफ दिलाने वाले चाचा ने साथ छोड़ दिया है।
रिया ने कहा कि परिवार का ताना सुन-सुनकर पीड़ा सहन नहीं हो रही है। गरीबी के बावजूद पिता हम तीनों बहनों की हर जरूरत को पूरा करते थे। काम से लौटने के बाद पिता मुस्कुराते हुए छोटी बहन पीहू को गोद में लेकर मुझे और आयुषी को गले लगा लेते हैं। उनके जाने के बाद कमी का एहसास अब हो रहा है। मां ने भी हम तीनों का साथ छोड़ दिया।
परिजन की तहरीर के आधार पर बृहस्पतिवार देररात आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। सभी से पूछताछ की जा रही है। - दीपक भूकर, एसपी