नई दिल्ली से वाराणसी जा रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस में मंगलवार रात सफर के दौरान बीएचयू की छात्रा के साथ एसी कोच में एक युवक ने छेड़खानी की। छात्रा की तहरीर पर जीआरपी ने आरोपी युवक को पकड़कर जेल भेज दिया है। लखनऊ के विकास नगर की रहने वाले एक डॉक्टर की पुत्री बीएचयू वाराणसी की छात्रा है। मंगलवार की रात वह काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से वह वाराणसी जा रही थी। बी थ्री कोच में उसका आरक्षण था। पुलिस के अनुसार ट्रेन रायबरेली से चली तभी युवक छात्रा के साथ छेड़खानी करने लगा। हद तो तब हो गई जब युवक ने एक कागज पर अपना नाम और मोबाइल लिखकर छात्रा पर फेंका। युवक की इस हरकत पर छात्रा ने फौरन कंट्रोल को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद जीआरपी एसओ बीके सिंह मयफोर्स के साथ प्लेटफार्म पर पहुंच गए। जैसे ही ट्रेन प्लेटफार्म पर आई पुलिस वालों ने आरोपी युवक को दबोच लिया। छात्रा भी साथ में थाने पर गई। वहां पर उसने युवक के खिलाफ छेड़खानी की तहरीर दी। एसओ बीके सिंह ने बताया कि युवक को जेल भेज दिया गया है। पकड़ा गया युवक अभय सिंह केराकत जौनपुर का रहने वाला है।