ओवरलोड वाहनों से पुलिस की वसूली के दौरान डंपर के पीछे खड़े बाइक सवार मामा-भांजी को पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे वे दोनों ट्रक और डंपर के बीच पिस गए। मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने पीछा किया तो चालक ट्रक छोडक़र भाग निकला। पुलिस ने अज्ञात चालक पर मुकदमा दर्ज किया है।
मानधाता थाना क्षेत्र के चंघईपुर निवासी अतुल गिरि (18) पुत्र रमेश गिरि हथिगवां थाना क्षेत्र के परेवा नरायनपुर गांव में अपने बहनोई के घर बहन ममता के साथ सोमवार शाम आया था। मंगलवार सुबह वह मानिकपुर कियावां स्थित अपनी दूसरी बहन के घर जा रहा था। उसके साथ उसकी भांजी अंजली (13) पुत्री तीरथराज गिरि भी थी। कुंडा कोतवाली के पुरबियन का पुरवा के पास पुलिस ने हाईवे पर ओवरलोड डंपर को वसूली के लिए रोका था।
रोड पर डंपर होने और सामने से गाड़ी आने के कारण अतुल ने डंपर के पीछे बाइक खड़ी कर दी। तभी पीछे से आए ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इससे मामा और भांजी ट्रक और डंपर के बीच पिस गए। आसपास के लोग दौड़े तो ड्राइवर ने गाड़ी पीछे की। जब तक लोग शव बाहर निकालते चालक ट्रक छोडक़र भाग निकला। उधर अवैध वसूली कर रहा सिपाही भी वहां से निकल गया। बाद में कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एक तरफ से यातायात शुरू कराया।
इस दौरान वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी। पुलिस दोनों शवों को कोतवाली ले आई। सूचना पर दोनों के परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अतुल के भाई की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।