डेरवा बाजार में चौराहे पर कुछ युवक पुलिस से भिड़ गए। इस दौरान दोनों तरफ से मारपीट हुई। आसपास खड़े लोग तमाशा देखते रहे। मारपीट में एक पक्ष से चौकी इंचार्ज, एक सिपाही व दूसरी तरफ से दो युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची फोर्स युवकों को थाने ले गई है।
जेठवारा थाना क्षेत्र के डेरवा बाजार में लालगंज कोतवाली क्षेत्र के पुरबारा निवासी मुकेश मिश्र और बाघराय के कशिहा गांव निवासी मिंटू बातचीत कर रहे थे। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। इसकी जानकारी होने पर डेरवा चौकी इंचार्ज रामअधार यादव व कांस्टेबल इंद्रदेव वहां पहुंच गए। बातचीत के दौरान युवकों से पुलिस की कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों तरफ से मारपीट शुरू हो गई। पुलिस से मारपीट होते देख वहां काफी संख्या में लोग जमा हो गए। थोड़ी देर में सूचना पर जेठवारा से फोर्स पहुंची और मारपीट के आरोपी दोनों युवकों को थाने ले गई।