पट्टी इलाके के ढकवा बाजार से गुजरने वाले लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग 56 अब फोरलेन में परिवर्तित होने के नजदीक है। इस सड़क पर वाहन की यात्रा अब सुगम हो जाएगी। वाहन आराम से फर्राटा भर सकेंगे और जाम के झाम से भी निजात मिल सकेगी। इसकी तैयारी अंतिम चरण में है। मसौदा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने बनाया है।
प्रदेश की राजधानी लखनऊ से होकर वाराणसी होते हुए मुगलसराय से बिहार प्रांत जाने वाला राजमार्ग नं. 56 अब फोर लेन में परिवर्तित होने के करीब आ गया है। ऐसे में इस राजमार्ग के फोर लेन हो जाने से पट्टी के सीमांत गांव के लोग के साथ चांदा, कोईरीपुर और ढकवा बाजार के निवासियों को इस हाइवे का पूरा फायदा मिलने की उम्मीद है। दो चरण में बनने वाले इस राजमार्ग का पहला चरण लखनऊ से अमहट सुल्तानपुर तक होगा इसके लिए धन का आवंटन हो चुका है। इस फोरलेन मार्ग में पड़ने वाले बड़े बाजारों में बाईपास जबकि सीधी सड़क बनने से उसके अस्तित्व का खतरा है।
हालांकि इससे सबसे बड़ा नुकसान पर्यावरण को होने वाला है। हजारों पेड़ शहीद होंगे। किसानों की जमीन भी अधिग्रहीत की जाएगी। राजमार्ग बनने से अकेले ढकवा बाजार में कुल 913 पेड़ काटे जाएंगे जबकि पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर में 5 हजार 562, जौनपुर शहर में 9 हजार 672 वृक्ष काटे जाएंगे। ऐसे में जहां एक ओर यात्रा सुगम होगी वहीं पर्यावरण के साथ इलाके के किसानों को लंबा धक्का भी लगेगा। इसकी जद में आने वाले निर्माण भी हटाए जाएंगे। इससे इलाके के निवासियों को ज्यादा असुविधा उठानी पड़ेगी।
फोरलेन हाइवे बनने से बाजार के दुकानदार खासे मायूस थे। उनको लग रहा था कि सड़क किनारे बनी उनकी दुकानें व मकान इसकी जद में आकर तोड़ दिए जाएंगे। मगर अब यह सड़क बाजार के पीछे देवरखा पेट्रोल पंप से होते पूरा गांव से निकल रही है। थोड़ी दूर पर इस बाईपास का निर्माण किए जाने से बाजारवासियों ने राहत की सांस ली है कि कम से कम उनके निर्माण व जमीन तो इसकी जद में आने से बचेंगे।