फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सॉफ्ट टारगेट बने टाइनी शाखा संचालक

Mon, 19 Feb 2018 11:48 PM IST
प्रतापगढ़ ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
लुटेरों के निशाने पर ग्राहक सेवा केंद्र संचालक हैं। जिले में एक माह के भीतर दो टाइनी शाखा संचालकों से लूट की बड़ी वारदातें हो गईं। पहली घटना में बदमाशों ने संचालक को गोली भी मार दी थी। सोमवार को हुई घटना में भी बदमाशों ने फायर किया, लेकिन संचालक को गोली नहीं लगी।
विज्ञापन


बैंकों में उमड़ने वाली भीड़ और दूरदराज से लोगों के आने-जाने में होने वाली दिक्कतों को देखते हुए ग्रामीण इलाकों में करीब-करीब सभी बैंकों ने अपने ग्राहक सवा केंद्र खोल रखे हैं। इन केंद्रों पर बैंक के ग्राहक रुपये जमा करने के साथ निकासी भी करते हैं। संचालक रुपये इकट्ठे होने के बाद बैंक नजदीकी शाखा में जमा करते हैं। साथ ही ग्राहकों को देने के लिए बैंक से रुपये ले आते हैं। इन ग्राहक सेवा केंद्रों पर अकेले संचालक ही रहते हैं। पुलिस की मानें तो टाइनी शाखा संचालक सहालग के दिनों में रुपयों का लेन-देन अधिक करते हैं।

वे बैंकों से रुपए निकालकर ले जाते हैं और ग्राहकों को वितरित करते हैं। हालांकि बड़ी रकम एक साथ ले जाने से वे बचते हैं, लेकिन एक से लेकर तीन लाख तक की रकम उनके पास होती है। बैंक में रुपये जमा करने और लेने के लिए भी वह अकेले ही आते-जाते हैं। उनके साथ सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं होती है। यही कारण है कि जिले में लुटेरों ने टाइनी शाखा संचालकों को साफ्ट टारगेट बना लिया है और आए दिन उनके साथ लूट-छिनैती की वारदातें हो रही हैं। उनके साथ वारदात करने के बाद लुटेरों के पकड़े जाने का भय नहीं रहता और वह आराम से फरार हो जाते हैं। लुटेरे संचालकों की रेकी भी करते हैं। यही कारण है कि उन्हें संचालकों के आने-जाने के बारे में पूरी जानकारी होती है। घटना के बाद जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती है तब तक वह काफी दूर जा चुके होते हैं।
विज्ञापन


एक माह पूर्व पट्टी कोतवाली क्षेत्र के कंजासराय गुलामी निवासी टाइनी शाखा संचालक वासुदेव वर्मा को गोली मारकर बदमाश पौने दो लाख रुपये लूट ले गए थे। इसके पूर्व बदमाशों ने पट्टी कोतवाली क्षेत्र के बरहूपुर में संचालक को तमंचे के बल पर लूट लिया था। हालांकि एक लुटेरा ग्रामीणों के हाथ लग गया। उसे पीटकर ग्रामीणों ने मौत के घाट उतार दिया। लालगंज कोतवाली के रसूलपुर गुलरहा निवासी विमलेश द्विवेदी से सगरा बाजार के करीब बदमाशों ने छह माह पहले तमंचे के बल पर 50 हजार लूटे थे। गायघाट रोड पर टाइनी शाखा संचालक अजीत सिंह निवासी शिवजीपुरम की गोली मारकर हत्या करने के बाद बदमाश रुपये लूट ले गए थे। सदर बाजार में भी बदमाशों ने कार्यालय में घुसकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। बाघराय थाना क्षेत्र के राजापुर टाइनी शाखा संचालक को 10 माह पहले बदमाशों ने अपना शिकार बनाया था।

क्या है टाइनी शाखा
ग्रामीणों की सहूलियत के लिए लीड बैंक ग्रामीण इलाकों में टाइनी शाखा (ग्राहक सेवा केंद्र) खोलते हैं। ताकि गांव के लोगों को बैंक का चक्कर न लगाना पड़े और वे आसानी से अपने आसपास रुपये निकाल व जमा कर सकें। एक टाइनी शाखा संचालक एक खाताधारक के खाते से 20 हजार रुपये प्रतिदिन जमा व निकासी कर सकता है। ग्राहक सेवा केंद्र देने से पहले ऐसे लोगों से शैक्षिक योग्यता के साथ ही निवास प्रमाण पत्र लिया जाता है। ग्राहकों का खाता खोलने के बाद अभिलेख बैंकों में जमा कराया जाता है। जिले में लगभग 3 सौ ग्राहक सेवा केंद्र कार्य कर रहे हैं।

खुद करनी होती है सुरक्षा
बैंकों के ग्राहक सेवा केंद्र खोलने वाले को खुद अपनी सुरक्षा करनी होती है। उनके लेनदेन की जानकारी केवल बैंक से जुड़े कैशियर या प्रबंधक को ही होती है। इसे भी पूरी तरह गोपनीय रखा जाता है। रुपये जमा करने या अपने कार्यालय ले जाने की जिम्मेदारी उसकी खुद की होती है।

एसपी ने पुलिस की नाकामी का गुस्सा पीड़ित के भतीजे पर उतारा
जिले में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने पुलिस अधीक्षक की झल्लाहट बढ़ा दी है। लालगंज कोतवाली के साहबगंज बाजार के करीब टाइनी शाखा संचालक श्रीलाल रजक से रुपये लूटने की घटना पर पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम मौके पर पहुंचे। एसपी के पहुंचने के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस बीच पीड़ित श्रीलाल रजक का भतीजा सुशील रजक मौके पर पहुंचा। वह घटना की बाबत कुछ बोलने लगा। आरोप है कि पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में सिपाहियों ने उसे कई थप्पड़ जड़ते हुए वहां से भगा दिया। लालगंज कोतवाल ने पहुंचते ही पीड़ित संचालक के पास मौजूद मीडियाकर्मियों पर अपनी भड़ास निकाली थी। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक के इशारे पर पुलिसकर्मियों ने मीडियाकर्मियों को तस्वीरें खींचने से रोक दिया। वह मीडियाकर्मियों से दूरी बनाए रखे। घटना से जुड़े सवाल पूछना तो दूर वह किसी को करीब फटकने नहीं दे रहे थे।

 बैंक पहुंचे एसपी, सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिया
लुटेरों की तलाश में जुटी लालगंज पुलिस ने लीलापुर स्थित एसबीआई में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। मौके पर पहुंची स्वॉट टीम भी घटना की पड़ताल करने लगी, लेकिन काफी देर तक माथापच्ची करने के बाद भी पुलिस को लुटेरों की बाबत कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस को शंका थी कि लुटेरे बैंक से ही टाइनी शाखा संचालक का पीछा कर रहे थे। पुलिस अधीक्षक बैंक पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया। सूत्रों की मानें तो बैंक के बाहर लगे कैमरे में बदमाश कैद हो गए हैं। हालांकि बाइक की तेज रफ्तार और नकाब लगाने के कारण पुलिस लुटेरों को पहचानने में कामयाब नहीं हो सकी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें