पट्टी-रानीगंज मार्ग स्थित पूरेधना जंगल के पास सोमवार की सुबह दो बाइक सवार चार बदमाशों ने एक बाइक सवार दंपति को लूट लिया। दंपति बाइक से बधवा स्थित ससुराल जा रहे थे। शोर पर स्थानीय लोग दौड़े तो बदमाश उनकी बाइक की चाबी लेकर भाग निकले। सूचना के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फतनपुर थाना क्षेत्र के रामापुर निवासी राहुल की ऊमर वैश्य बुक डिपो नाम से रामापुर बाजार में दुकान है। सोमवार की सुबह करीब दस बजे वह बाइक से पत्नी पूजा (28) को लेकर उसके मायके बंधवा गांव जा रहे थे। जैसे ही पट्टी-रानीगंज राजमार्ग पर स्थित पूरे धना जंगल के पास पहुंचे थे कि ओवरटेक करके दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाते कि बदमाशों ने उनकी बाइक की चाबी निकाल ली।
इसके बाद तमंचा सटाकर पूजा के गले से मंगलसूत्र व पर्स छीन लिया। शोर मचाने पर राहुल की पीटा और उनका भी पर्स व मोबाइल छीन लिये। राहुल की मानें तो पूजा के पर्स में लगभग 11 हजार रुपये और उसके पर्स में करीब चार हजार रुपये थे। शोर मचाने पर थोड़ी दूर पर गेहूं की कटाई कर रहे किसान दौडे़ तो बदमाश दंपति की बाइक की चाबी लेकर उड़ैयाडीह की ओर भाग निकले। मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, लेकिन करीब एक घंटे बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ितों को कोतवाली ले जाकर उनसे तहरीर ली। खबर लगते ही सीओ पट्टी एनके ओझा ने भी कोतवाली पहुंचकर पीड़ितों से पूछताछ की। सीओ ने बताया कि घटना हुई है। जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगा दिया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा हो जाएगा।