प्रतापगढ़। स्वास्थ्य कर्मचारियों की कॉलोनी का कुछ हिस्सा जेसीबी से ढहाया जा रहा है। महिला अस्पताल के इमरजेंसी के बगल से निर्माणाधीन सौ बेड के अस्पताल के लिए अलग से रास्ते का निर्माण कराने के लिए कार्यदायी संस्था ऐसा कर रही है। हालांकि इससे स्वास्थ्य कर्मचारियों की परेशानी बढ़ गई है।
जिला महिला अस्पताल के इमरजेंसी के बगल स्वास्थ्य कर्मचारियों को रात्रि विश्राम के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से कॉलोनी एलाट की गई थी। कॉलोनी में जिला अस्पताल के चीफ फार्मासिस्ट एसबी शुक्ला व महिला अस्पताल में दाई के पद पर तैनात स्वास्थ्य कर्मचारी विटोला रहती थी। सौ बेड के अस्पताल तक मरीजों को जाने में दिक्कत न हो, इसके चलते दोनों स्वास्थ्य कर्मचारियों के आवास और महिला अस्पताल का स्टोर रूम तोड़कर जेसीबी से गिराने का काम कार्यदायी संस्था ने शुरू कर दिया है। इन भवनों को तोड़ने के बाद सौ बेड के अस्पताल तक प्रसव पीड़िता और गर्भवती महिलाओं के साथ प्रसूताओं के आने-जाने के लिए रास्ता बनाया जाएगा।