स्थानीय थाना क्षेत्र के राईपुर धनुआ गांव की महिलाओं का गुस्सा एसओ के खिलाफ फूट पड़ा। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिलाओं ने वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर जमा लगा दिया। राईपुर धनुआ गांव निवासी अवध नारायण यादव गुरुवार की सुबह अपने घर के सामने पुरानी नींव भरी दीवार बनवा रहे थे। कुछ देर बाद पड़ोस के अनिल समेत आधा दर्जन लोग पहुंचे और काम बंद करने के लिए कहा। अनिल पक्ष ने पुलिस से शिकायत की। मौके पर पहुंची पुलिस ने दीवार का निर्माण कार्य बंद करा दिया। इसके बाद दोनों पक्षों को थाने ले आई। आरोप है कि कुछ देर बाद रानीगंज एसओ ने अनिल पक्ष को घर जाने दिया। जबकि अवध नारायण यादव उर्फ मुलायम को थाने पर ही बैठाए रखा। अनिल पक्ष के लोग घर पहुंचते ही धावा बोलकर निर्माणाधीन दीवार ध्वस्त करना प्रारंभ कर दिया। इसके बाद महिलाएं इंसाफ के लिए थाने पहुंच गईं। आरोप है कि एसओ लल्लन यादव ने महिलाओं की बात सुनने के बजाय उन्हें गालीगलौज देते हुए थाने से भगा दिया। इससे आक्रोशित महिलाओं ने एसओ पर धनउगाही व अभद्रता का आरोप लगाते हुए 3.30 बजे वाराणसी- लखनऊ राजमार्ग पर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगीं। करीब सवा घंटे बाद सीओ डीएल सुधीर ने समझाबुझाकर जाम समाप्त कराया।