जिला आबकारी अधिकारी के वाहन चालक शिव बाबू के टाउनहाल स्टेट बैंक स्थित एटीएम खाते से किसी ने 19 हजार रुपये की रकम निकाल ली। मोबाइल पर मैसेज मिलने के बाद रकम निकाले जाने का खुलासा हुआ। परेशान खातेदार ने पुलिस अधीक्षक से इस मामले में बैंक स्टाफ की भूमिका पर संदेह व्यक्त करते हुए जांच कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की गुहार की है। एसपी को प्रार्थना पत्र देकर शिव बाबू ने बताया कि वह जिला आबकारी अधिकारी के कार्यालय में वाहन चालक के पद पर कार्यरत हैं और उनका एसबीआई की टाउनहाल शाखा में बैंक खाता है। इसी खाते पर बैंक की ओर से एटीएम कार्ड भी जारी किया गया है। गत पांच जून को शाम करीब 6.30 बजे एसबीआई के एटीएम जाकर बैलेंस चेक किया और दस हजार रुपये निकालकर वहां से चले आए। शिव बाबू के अनुसार धनराशि निकालने के बाद खाते में 19907 रुपये शेष बचे थे। कुछ देर बाद मोबाइल पर मिले मैसेज से पता चला कि खाते से किसी ने 19 हजार रुपये निकाले हैं और एकाउंट में 907 रुपये शेष बचे हैं। बैंक जाकर शिकायत करने पर वहां के स्टाफ ने ठीक तरह से बात नहीं की। एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में शिव बाबू ने बैंक के सीसीटीवी कैमरा की जांच कराकर दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने की गुहार की है।