चुनावी रंजिश को लेकर उच्च न्यायालय के अधिवक्ता पर बाइक सवार पांच हमलावरों ने फायर झोंका। पुलिस चौकी पर भी अधिवक्ता को मदद नहीं मिली। वह अपनी शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे। हमलावर पीछा करते हुए यहां भी पहुंच गए। इस बात की जानकारी मिलते ही सदर तहसील के अधिवक्ताओं ने सभी की जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
रानीगंज थाना क्षेत्र के चंदीपुर निवासी रजनीश मिश्र हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं। गुरुवार को वह बादशाहपुर से स्कूटी लेकर घर के लिए निकले। रानीगंज पहुंचने के बाद वह किसी जरूरी काम से शहर के लिए चल पड़े। उनका आरोप है कि बभनमई के करीब दो बाइक सवार पांच लोगों ने ओवरटेक कर उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन वह रुके नहीं। जिसके बाद वे फायरिंग करने लगे। वह उनसे बचते हुए भागा और पृथ्वीगंज पुलिस चौकी पहुंचा। वहां ताला लटक रहा था। इधर उधर देखने के बाद वह भुपियामऊ की ओर निकले। चौराहे पर सिपाही मौजूद थे। उन्हें आपबीती सुनाई। सिपाहियों ने अधिवक्ता से कहा कि कोतवाली में जाकर तहरीर दें। वह तहरीर देने के लिए कोतवाली जा ही रहा था कि दो हमलावर तहसील में दिख गए। जिन्हे देखते ही रजनीश ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर तहसील के अधिवक्ता दौड़ पड़े। मामला समझते ही वकीलों ने हमलावरों को दबोच लिया। जमकर कुटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। कुछ देर बाद एक हमलावर और दिख गया। उसे भी पीटकर लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। अधिवक्ता रजनीश की मानें तो हमलावर विधानसभा चुनाव से ही रंजिश रख रहे हैं। प्रभारी कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना की हकीकत खंगाली जा रही है। वैसे घटनास्थल रानीगंज थाना क्षेत्र में आता है।