फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिना हेलमेट सैकड़ों ने गंवाई जान, अब तो चेतिए

Sun, 11 Feb 2018 11:34 PM IST
प्रतापगढ़ ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
हर साल बिना हेलमेट के बाइक चलाने के कारण हादसों में सैकड़ों लोगों की मौत हो जा रही है। इसके बाद भी लोग चेत नहीं रहे हैं। बिना हेलमेट के बाइक चलाना जिले के लोगों का शगल बन गया है। सिर्फ 2018 की बात करें तो अब तक हादसों में 18 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगाया था। सौ से अधिक लोग घायल होकर अस्पताल पहुंचे। पुलिस की चेकिंग व कार्रवाई का भी ऐसे लोगों को भय नहीं रहता।
विज्ञापन


बाइक चलाते समय हेलमेट न पहनने के कारण दुर्घटनाओं के दौरान सिर में चोट लगने के कारण मौत हो जाती है। लोगों को हेलमेट पहनकर बाइक चलाने और ट्रिपल सवारी से रोकने के लिए तमाम प्रयास भी व्यर्थ साबित हो रहे हैं। यातायात माह और सड़क सुरक्षा के दौरान जागरूकता भी बेअसर साबित हुई। महंगी बाइकं के शौकीन भी सुरक्षित सफर की तैयारी नहीं करते। यदि कभी चेकिंग में फंसते हैं तो जुर्माना देकर बच जाते हैं। इसके बाद भी वे हेलमेट नहीं लगाते।

शहर से गांव तक बिना हेलमेट के भरते मिले फर्राटा
रविवार को राजकीय इंटर कालेज के गेट पर 11.33 मिनट पर बाइक से गुजरने वाले अधिकांश लोग बिना हेलमेट के दिखे। खुद तो असुरक्षित सफर करते रहे, बाइक पर पीछे बैठे लोगों की भी जान जोखिम में रही। 11.35 बजे जिला अस्पताल के सामने भी तमाम लोग बिना हेलमेट के बाइक से फर्राटा भरते नजर आए। दिन में 11.46 बजे चिलबिला ओवरब्रिज पर भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला। दोपहर 12.22 बजे कंपनीबाग के सामने भी बाइक से लोग बिना हेलमेट व तीन सवारी गुजरते रहे। चौक घंटाघर के पास 2.13 बजे बाइक पर ट्रिपलिंग और बिना हेलमेट के लोग गुजरते रहे। सदर चौराहे पर 2.16 बजे भी यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए लोग दुपहिया वाहनों से सफर करते रहे। पुलिस लाइन गेट पर भी 2.31 बजे बाइक से सफर करने वालों को पुलिसकर्मियों का भय नहीं दिखा। बिना हेलमेट के बाइक से भागदौड़ करते नजर आए।
विज्ञापन


लोगों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया जाता है। चेकिंग के दौरान पकड़े जाने पर जुर्माना भी किया जाता है। इसके बाद भी लोग मानने के लिए तैयार नहीं हैं। जब तक लोग खुद जागरूक नहीं होंगे तब तक हादसों को रोका नहीं जा सकता।
संतोष यादव, प्रभारी, यातायात।


केस-1
लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर रविवार दोपहर लालगंज कोतवाली के हंडौर के पास ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना के बाद बाइक के परखचे उड़ गए। हादसे में बाइक चला रहे उजैर अहमद (24) की मौत हो गई। उसने हेलमेट नहीं लगाया था। बाइक पर पीछे बैठे उसके साथी फैजान ने भी हेलमेट नहीं लगाया था। वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उजैर के सिर में चोट लगने के कारण खून का थक्का जम गया था, जो उसकी मौत का कारण बना।

केस-2
सांगीपुर के शाहबरी निवासी पप्पू सरोज (32) पुत्र बिरजू 9 फरवरी को जरूरी काम से अमेठी की ओर गया था। बाहर बिहर के पास घर लौटते समय बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में घायल पप्पू की मौत हो गई। वह माता-पिता का इकलौती संतान था। उसके परिवार के लोग अब तंगहाली का जीवन व्यतीत कर रहे हैं। वह परिवार का अकेला कमाने वाला था। बाइक चलाने के दौरान उसने भी हेलमेट नहीं पहना था।

केस-3
लालगंज के संगम चौराहे के पास 2 जनवरी को बोलेरो की टक्कर से सांगीपुर थाना क्षेत्र के कोटवाशुकुलपुर निवासी पवन वर्मा (28) पुत्र दिनेश वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसने भी बाइक चलाने के दौरान हेलमेट नहीं पहना था। डाक्टरों ने मौत का कारण हेड इंजरी बताया।

केस-4
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के अमरगढ़ का रहने वाला शिवम सोनी (16) पुत्र अशोक सोनी बदलापुर स्थित सेंट जेवियर्स कालेज में पढ़ता था। 29 जनवरी को कालेज जाते समय वह अपने दोस्त राजाबाजार निवासी किशन सोनी (16) पुत्र मुन्नू सोनी को लेने उसके घर पहुंचा। दोनों बिना हेलमेट लगाए बाइक से कालेज जा रहे थे। रास्ते में ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। सिर में अधिक चोट लगने के कारण शिवम् मौत हो गई।
विज्ञापन



 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें