बसपा जिलाध्यक्ष पर गुरुवार देर रात हुए हमले के मामले में शुक्रवार को थाने पर घंटों सियासी ड्रामा हुआ। एफआईआर लिखाने को लेकर पुलिस से दोनों पक्षों की घंटों तकरार होती रही। काफी देर बाद पुलिस ने दोनों तरफ से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। बसपा जिलाध्यक्ष की तहरीर पर मारपीट, गाड़ी में तोड़फोड़ के आरोप में रिपोर्ट लिखी गई। उधर सराय सैद खां निवासी एक व्यक्ति की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। उसका आरोप है कि रात में सोते समय एक व्यक्ति ने उसकी बेटी से छेड़छाड़ की। शोर पर ग्रामीण दौड़े। इस दौरान बसपा जिलाध्यक्ष की गाड़ी में किसी ने तोड़फोड़ कर दी। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले को लेकर कुछ कहने से बचती रही।
बाघराय के देवरपट्टी गांव निवासी लालचंद्र गौतम बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष हैं। गुरुवार देर रात वह कुंडा से घर जा रहे थे। उनका आरोप है कि रास्ते में सराय सैद खां गांव के पास कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। मारपीट करने के साथ ही उनकी स्कॉर्पियो मेें तोड़फोड़ की और रायफल भी छीन ली। सुबह उनकी तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मारपीट और तोड़फोड़ का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में नया मोड़ तब आया जब सुबह ही सरायसैद खां निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर कहा कि रात में एक अज्ञात व्यक्ति चारपाई पर सो रही उनकी बेटी के पास आया। बेटी चीखी तो परिजन दौड़े। इस पर वह असलहा और कारतूस फेंककर भाग निकला। इस मामले में भी रिपोर्ट अज्ञात में दर्ज की गई। पुलिस जांच में जुटी है। एसडीएम कुंडा सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
जिलाध्यक्ष के नशे में होने की बात सामने आई
कुंडा(ब्यूरो)। बसपा जिलाध्यक्ष पर हमले की घटना के बाद स्थिति को देखते हुए पुलिस बसपा जिलाध्यक्ष लालचंद्र गौतम को कुंडा ले आई। अस्पताल में उनका मेडिकल कराया गया। इसमें बसपा जिलाध्यक्ष नशे में पाए गए। पुलिस ने इसकी जानकारी भी अधिकारियों को दी है।
राइफल छीनने की शिकायत झूठीः पुलिस
कुंडा(ब्यूरो)। रात में घटना के बाद बसपा जिलाध्यक्ष व उनके कुछ समर्थक पुलिस से राइफल छीनने की बात कहते रहे। हालांकि पुलिस अफसर इसे फर्जी बता रहे हें। इस पर पुलिस ने उनके घर पहुंचकर इस बारे में पूछताछ की। पुलिस के अनुसार राइफल का लाइसेंस उनके भाई के नाम है और वह उनके पास ही मिली।
मामूली विवाद को लेकर बड़ी सियासत
कुंडा(ब्यूरो)। जिले में बसपा और सपा की सियासी खींचतान पुरानी है। बात कुंडा की होने पर मामला और बढ़ जाता है। गुरुवार की रात बसपा जिलाध्यक्ष पर हमले को लेकर भी यही हुआ। बसपा जिलाध्यक्ष पर हमले के मामले में सुबह छेड़छाड़ की तहरीर दी गई। सीधे उन पर आरोप नहीं लगाया गया, हालांकअप्रत्यक्ष रूप से निशाना उन्हीं पर साधा गया है। इस घटना में कई पेच हैं। तहरीर में कहा गया है कि किशोरी के पास 315 बोर का असलहा फेंका गया। साथ ही एक कारतूस भी मिला है। बसपाइयों का कहना है कि असलहा होता तो उसे फेंकने की क्या जरूरत थी वह भी अनलोड करके। गांव के लोगों का आरोप है कि बसपा के कोआर्डिनेटर आरडी गौतम ने छेड़छाड़ का आरोप लगाने वाले से राजनीति में न पड़ने की बात भी कही। उधर सपाई भी इस घटना में छेड़छाड़ के पीड़ित के साथ खड़े हैं।