परियावां। घर के सामने खेल रही बालिका को मैजिक लोडर ने टक्कर मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जब तक लोग उसे अस्पताल ले जाते उसकी मौत हो गई। इससे परिजनों में चीख पुकार मच गई। उधर दुर्घटना से बच्ची की मौत पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ लग गई। आक्रोशित लोगों ने मैजिक लोडर मालिक का घर घेर लिया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई और लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। मृतका के नाना की तहरीर पर पुलिस ने लोडर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गुलरहीबाग आलापुर निवासी रामचंद्र सरोज की नातिन निशा काफी समय से अपने मायके में ही रह रही है। बुधवार की सुबह करीब 11 बजे निशा की पुत्री रिया (7) पुत्री मनोहर सरोज घर के बाहर रोड के पास खेल रही थी। बाहर रोड पर खड़ी एक पिकअप गाड़ी बैक हो रही थी। ड्राइवर की लापरवाही के कारण रिया लोडर की चपेट में आ गई। लोगों ने शोर मचाया तो चालक गाड़ी खड़ी कर भाग निकला। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे।
तभी उसकी मौत हो गई। यह देख लोग रोने बिलखने लगे। घटना से आक्रोशित लोगों ने लोडर मालिक विकास अग्रवाल के पाइकगंज परसई स्थित घर को घेर लिया। ग्रामीण हंगामा करते हुए गाली गलौज करने लगे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और विकास अग्रवाल और उसकी मैजिक को थाने उठा लाई। इसके बाद लोगों को समझा-बुझाकर वापस भेजा। बालिका के नाना रामचंद्र ने नवाबगंज थाने में पिकअप चालक के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।