रेलवे स्टेशन पर युवती के साथ छेड़खानी को लेकर जमकर मारपीट हुई। इससे स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को धर दबोचा। रानीगंज इलाके के दो युवक अपने एक रिश्तेदार को छोड़ने के लिए गुरुवार रात लगभग आठ बजे स्टेशन पर आए थे। स्टेशन पर दो युवक एक युवती के साथ छेड़छाड़ करने लगे। इसे लेकर युवकों ने नाराजगी जताई। मनचले युवक विरोध करने वाले युवकों से भिड़ गए।
उनके बीच स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर ही जमकर मारपीट होने लगी। इससे यात्रियों में अफरा- तफरी मच गई। मारपीट की खबर पर सिविल और जीआरपी पहुंची। पुलिस को देख मारपीट करने वाले युवक भागने लगे। पुलिस ने दौड़ाकर तीन युवकों को धर दबोचा। तीनों से जीआरपी पूछताछ कर रही है।