अंतू थाना क्षेत्र के पारा हमीदपुर गांव में मंगलवार रात एक युवक ने पुजारी को घर से बुलाकर कुछ दूर जाने के बाद गोली मार दी। कान के नीचे गोली लगने से पुजारी वहीं अचेत होकर गिर पड़े। फायर की आवाज सुनकर पहुंचे लोग उन्हें जिला अस्पताल ले आए, जहां हालत गंभीर देखकर डाक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया।
पारा हमीदपुर निवासी रामकिशोर तिवारी (65) गांव में ही स्थित पारेश्वर मंदिर के पुजारी हैं। मंगलवार रात वह अपने घर पर थे। रात करीब साढ़े नौ बजे गांव का एक युवक पहुंच और उन्हें आवाज देकर बुलाया। दरवाजे पर आने के बाद वह उन्हें लेकर कुछ दूर तक बात करते हुए गया। बताते हैं कि अचानक उसने तमंचा निकाला और रामकिशोर की कान के नीचे गोली मार दी। इससे वह वहीं गिर पड़े। फायर की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े। खबर मिलने पर रामकिशोर का बेटा राजेंद्र भी पहुंचा। घायल रामकिशोर को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देख डाक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया।