ट्रक और बाइक में हुई आमने-सामने की टक्कर में युवक की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों व आसपास के लोगों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। बाद में किसी तरह सीओ के समझाने पर परिजन माने।
लालगंज कोतवाली के रानीगंज अजगरा तिवारीपुर निवासी गुड्डू सरोज (32) गुरुवार की शाम लगभग तीन बजे अपनी बहन के घर लालगंज कोतवाली के शिवबोझ गांव गया था। वहां से वह अपनी दूसरी बहन के यहां सांगीपुर थाना क्षेत्र के सिंघनी गांव जा रहा था। वह जैसे ही शिवबोझ गांव के पास मोड़ पर पहुंचा, उसी समय सामने से आ रही ट्रक की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौत की खबर पर आस पास के लोग इकट्ठे हो गए। चालक ट्रक छोड़ कर फरार गया। आस पास के लोगों ने डायल 100 को सूचना दी। बाद में लालगंज की पुलिस पहुचंी तो परिजन शव को सड़क पर रख कर जाम लगा दिए। सूचना पर लालगंज के सीओ रमाकांत यादव व कोतवाल तुषार त्यागी दल बल के साथ पहुंचे। परिजनों को दोनों अधिकारियों ने काफी समझाने की कोशिश की। परिजनों की मांग थी कि आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर गिरफ्तारी करने के साथ ही मृतक को अर्थिक सहायता दिलाई जाए। इस पर अधिकारियों के आश्वासन पर परिजन मान गए। तब जाकर पुलिस शव को अपने कब्जे में ले सकी। बताया जाता है कि मृतक दो दिन पहले मुंबई से घर आया था।