संस्कृत बोर्ड की परीक्षा में नकल के साथ ही लोग दूसरे के स्थान पर भी परीक्षा दे रहे हैं। गुरुवार को रानीगंज इलाके में दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे पांच मुन्नाभाई पकड़े गए। उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। जेडी के औचक निरीक्षण से परीक्षार्थियों में हड़कंप मचा रहा। स्वामी करपात्रीजी इंटर कालेज रानीगंज में संस्कृत बोर्ड की परीक्षा चल रही है। परीक्षा के आखिरी दिन द्वितीय पाली में पूर्व मध्यमा की अंग्रेजी की परीक्षा चल रही थी। शाम करीब साढ़े चार बजे संयुक्त परीक्षा निदेशक इलाहाबाद महेन्द्र सिंह यादव दलबल के साथ औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। यहां जामताली निवासी सुदर्शन पुत्र वंशीलाल, साहिल हुसैन पुत्र मुख्तार, उद्रेश पुत्र जयसिंह, धनुंहा निवासी हरिओम पुत्र गुड्डू, बांसी निवासी सुरेन्द्र कुमार पुत्र रामलाल दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे। जांच के दौरान इन्हें पकड़ लिया गया। वहीं नकल कराने आए एक बाहरी युवक को भी पुलिस के हवाले किया गया। जेडी ने संबंधित परीक्षार्थियों को रस्टीकेट करते हुए मुन्नाभाइयों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। जेडी के औचक निरीक्षण से शिक्षकों व छात्र-छात्राओं में हड़कंप मचा रहा।