बाघराय थाना क्षेत्र के शकरदहा गांव में शुक्रवार को डीआईजी और एसटीएफ ने छापा मारकर कैबिनेट मंत्री राजाभैया के करीबी के घर से 525 पेटी अवैध शराब बरामद की। पुलिस मौके से एक आरोपी को पकड़कर बाघराय थाने ले गई।
बाघराय इलाके के शकरदहा में काफी समय से अवैध शराब के कारोबार की भनक पुलिस को मिल रही थी। शुक्रवार को डीआईजी इलाहाबाद और एसटीएफ की टीम ने जिले की पुलिस को सूचना दिए बगैर गांव में छापा मारा। एसटीएफ के साथ डीआईजी सीधे राजाभैया के करीबी माने जाने वाले पवन सिंह पुत्र अजयराम सिंह के घर पहुंच गए। घर के अंदर से पुलिस ने 525 पेटी अवैध शराब बरामद की। बताया जाता है कि गैर प्रांत की है और बाहर भेजने के लिए रखी गई थी। पुलिस ने मौके से पवन को हिरासत में ले लिया।
फतनपुर में पकड़ी गई 22 पेटी एमपी की दारू
रानीगंज(ब्यूरो)। फतनपुर-शाहपुर मार्ग पर शुक्रवार की रात स्थानीय पुलिस और प्रभारी एसपी ने बगैर नम्बर की बोलेरो को पकड़ लिया। उसमें 22 पेटी एमपी की शराब व केमिकल भी पकड़ा गया है। फतनपुर थाना के मगरा गांव निवासी सुरेश विंद व जौनपुर जनपद के मुंगराबादशाहपुर गांव निवासी राजेश बिना नम्बर प्लेट की बोलेरो पर 22 पेटी शराब लादकर शाहपुर से फतनपुर की ओर जा रहा था। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। प्रभारी एसपी स्वामीनाथ और फतनपुर थाने की पुलिस ने बोलेरो का पीछा कर लिया। फतनपुर पहुंचते-पहुंचते नहर की पटरी के पास बोलेरो को रोक लिया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया। बोलेरो में एमपी की 22 पेटी शराब, नारियल का तेल व कई केमिकल भी रखा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उन्हें जेल भेज दिया।