पट्टी कोतवाली के उड़ैयाडीह बाजार में दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में बाइक सवार बदमाशों ने गैस एजेंसी कर्मचारी से छिनैती का प्रयास किया। युवकों ने पिस्टल निकालकर कर्मचारी को सरेबाजार दौड़ा लिया। हालांकि भीड़ जुटने के कारण उन्हें भागना पड़ा। सूचना के काफी देर बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जिसे लेकर बाजारवासियों में गुस्सा है।
पट्टी स्थित एक गैस एजेंसी की गाड़ी उड़ैयाडीह बाजार में सिलेंडर देने आती है। मंगलवार को गैस एजेंसी का कर्मचारी जवाहरलाल पाल बाईपास स्थित एक किराना की दुकान के सामने बैठकर चाय पी रहा था। इसी दौरान दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और और पिस्टल निकालकर जवाहरलाल के पास मौजूद रुपये छीनने का प्रयास करने लगे। जवाहरलाल ने भागने का प्रयास किया तो उसे दौड़ा लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए। जिस पर बदमाश पिस्टल लहराते हुए भाग निकले। लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस के साथ ही डायल 100 को दी, लेेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। जिसे लेकर लोगों में भारी आक्रोश है।