दुकान से घर जा रहे व्यापारी को बाइक सवार 6 लोगों ने घेरकर मारापीटा और उसके पास से एक लाख रुपये लूट लिए। गोली लगने से घायल व्यापारी को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया।
देवसरा थाना क्षेत्र के आमापुर निवासी अंकित अग्रहरि (19) पुत्र सुरेश अग्रहरि गांवों में अनाज खरीदता व बेचता है। उसके पिता की दुकान दयालपुर के करीब है। गुरुवार की शाम वह दुकान से बाइक लेकर घर जा रहा था। उसके पास एक लाख रुपये थे। घर पहुंचने से पहले ही बाइक सवार 6 बदमाशों ने उसे रास्ते में घेर लिया। बदमाशों ने उसे मारापीटा और रुपये छीन लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से अंकित गिर पड़ा। फायर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर भाग निकले। गंभीर रूप से घायल व्यापारी को पट्टी लाया गया। वहां से डाक्टरों ने जिला अस्पताल भेजा। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया। उसे एक गोली लगी थी। उसका कहना था कि बदमाशों में दो को वह पहचान लिया। जिसके चलते उन लोगों ने गोली मारी। एसओ देवसरा लूट की बात को गलत बता रहे हैं। उनका कहना है कि रंजिश में मारपीट की घटना हुई है। गोली लगने की बात भी संदिग्ध है। फिलहाल डाक्टरी रिपोर्ट देखने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।