नगर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती के सगे मामा व नाना ने मिलकर पांच हजार रुपये में उसकी इज्जत का सौदा कर दिया। अपनी जान बचाकर ननिहाल से भागी युवती रिश्तेदारी में पहुंच गई। यहां आपबीती बताई और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की तो न्यायालय का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों की खोजबीन शुरू कर दी है। नगर कोतवाली इलाके की एक युवती मां की मौत के बाद नगर कोतवाली के ही एक गांव मे स्थित ननिहाल में रहने लगी। युवती का आरोप है कि जुलाई 2015 में उसके नाना व मामा उसे प्रताड़ित करने लगे। उस पर देह व्यापार करने के लिए दबाव बनाने लगे। दो अगस्त को अपनी इज्जत व लाज बचाकर युवती ननिहाल से भागकर अपने एक रिश्तेदार के यहां पहुंच गई।
आरोप है कि युवती के नाना ने उसके खिलाफ गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। जांच में जुटी पुलिस ने उसे 15 दिसंबर को उसकी रिश्तेदारी से ही बरामद कर लिया। मेडिकल करवाकर फिर से युवती को उसके नाना व मामा को सुपुर्द कर दिया। युवती ने बताया कि 17 दिसंबर को उसके नाना व मामा ने कमरे में बंधक बनाकर जमकर पिटाई की और एक अज्ञात युवक से पांच हजार रुपये लेकर उसके साथ दुष्कर्म कराया। पीड़िता फिर भागकर अपने रिश्तेदारी पहुंची और घटना की जानकारी दी। रिश्तेदारों के साथ युवती ने पुलिस के पास पहुंचकर शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इससे परेशान होकर वह न्यायालय की शरण में पहुंच गई। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने युवती के नाना मोहरर्म व मामा शमशेर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी खोजबीन शुरू कर दी है।