कंधई थाना क्षेत्र में इन दिनों अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। आए दिन यहां लूट, फायरिंग, छिनैती की घटनाओं ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। ताबड़तोड़ हो रहीं घटनाओं के पीछे शातिर अपराधियों की भूमिका सामने आ रही है। हाल की कुछ घटनाओं के खुलासे में यह बात सामने आई है। चौंकाने वाली बात यह है कि अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त का करोबार करने वाला गिरोह भी यहां सक्रिय है, जो सटीक स्थानों पर इनकी सप्लाई कर रहा है। पुलिस इस गिरोह की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
कंधई थाना क्षेत्र में बदमाशों ने लगातार वारदात पर वारदात कर पुलिस को चुनौती दी है। होली पर रंगदारी को लेकर एक दुकानदार की हत्या, पंचायत चुनाव के दौरान विक्रम सिंह की गोली मारकर हुई हत्या ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए थे। हाल ही में दूलापुर प्रधान इसराफिल पर प्राणघातक हमला व उनके घर पर फायरिंग, पूर्व बीडीसी सदस्य नौशाद के ऊपर फायरिंग की घटना ने पुलिस को खुलेआम चुनौती देने का कार्य किया। इसके अलावा अभी कुछ दिन पूर्व सोनाही बाजार के आगे पुलिस चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों के पास मिली पिस्टल और पेट्रोल पंप लूट की योजना का खुलासा होने पर यह साबित हो गया कि इस क्षेत्र में शातिर अपराधियों ने डेरा जमा रखा है।
पट्टी थाना क्षेत्र के पूरेधना जंगल के समीप हाल ही में फतनपुर इलाके की विवाहिता से हुई लूट का मुख्य आरोपी जो पुलिस की गिरफ्त में आया वह भी इसी थाना क्षेत्र का था। क्षेत्र में हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर पुलिस चेकिंग अभियान चलाकर ही शांत हो जाती है। सूत्रों की मानें तो इस थाना क्षेत्र में शातिर अपराधियों का नेटवर्क पूरी तरह से सक्रिय है जो असलहों की सप्लाई के साथ आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहा है। इस बाबत कंधई एसओ सुरेश सैनी का कहना है कि जांच करके अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।