अंतू थाना क्षेत्र के दांदूपुरदौलत रन सिंह गांव में पट्टे की जमीन को लेकर पड़ोसियों ने एक विधवा महिला को लाठियों से पीटकर मार डाला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों के घर दबिश दी। आरोपी घर छोड़कर फरार मिले।
अंतू थाना क्षेत्र के दांदूपुरदौलत रन सिंह गांव निवासी रामप्यारी देवी (56) पत्नी स्व. देवतादीन अपने घर पर अकेली रहती थी। उसके दो बेटे हैं। दोनों परदेस कमाने गए हैं। रामप्यारी को जमीन का पट्टा मिला हुआ है। उस भूमि पर पड़ोस के कुछ लोग जबरन कब्जा कर रहे थे।
रविवार की शाम वह जमीन पर कब्जे का विरोध करने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो इससे आक्रोशित पड़ोसियों ने उसे लाठी डंडे से पीट दिया। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़े और बीचबचाव कर झगड़ा समाप्त कराया। मारपीट में घायल रामप्यारी को लोग जिला अस्पताल ले आए। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसे लेकर आए ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस के साथ ही मृतका के बेटों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों के घरों पर दबिश दी, लेकिन वे फरार मिले। इधर स्वास्थ्य कर्मियों ने शव को चीरघर में रखने के बाद सूचना पुलिस को दी। प्रभारी एसओ रामऔतार वर्मा ने बताया कि मारपीट के दौरान महिला को चोट लगी थी। आरोपी घरों से गायब हैं।