चिलबिला में शटर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये का सामान उड़ा दिया। मार्केट के लोगों की सूचना पर दुकानदार पहुंच गया। सूचना के बाद भी महज चंद कदम की दूरी पर मौजूद पुलिस शाम तक छानबीन करने भी नहीं पहुंच सकी।
नगर कोतवाली के चिलबिला निवासी कृष्ण कुमार चौधरी ने रामसिंह मार्केट में इलेक्ट्रानिक्स सामानों की दुकान खोल रखी है। रविवार को वह अपनी दुकान बंद कर घर चला गया। रात में चोर शटर का ताला तोड़कर दुकान में घुस गए। चोरों ने दुकान से तीन एलईडी टीवी, एक हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
सोमवार की सुबह मार्केट के दूसरे दुकानदारों को चोरी की जानकारी हुई। लोगों ने दुकान में चोरी की खबर पुलिस को देने के साथ ही दुकानदार कृष्ण कुमार को दी। वह भागता हुआ दुकान पहुंचा तो नजारा देख सन्न रह गया। चोरों ने करीब सवा लाख के आसपास का सामान उड़ा दिया था। लोग पुलिस का इंतजार करते रहे लेकिन कोई जांच करने के लिए शाम तक दुकान नहीं पहुंचा। इससे लोगों में आक्रोश है। चौकी प्रभारी सुभाष यादव का कहना है कि वे चुनाव ड्यूटी के सिलसिले में बाहर से आने वाली फोर्स के रुकने व दूसरे कामों में व्यस्त हैं जैसे ही मौका मिला वह मौके पर जाएंगे।