फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्रामीणों ने चोर को पीट-पीटकर मार डाला

Sat, 19 Sep 2015 11:41 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
रानीगंज थाना क्षेत्र के दतियाभानपुर गांव में शुक्रवार की रात करीब डेढ़ बजे ग्रामीणों ने एक चोर को पीट-पीटकर मार डाला। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक के दाहिने हाथ पर विजय लिखा हुआ था। घटना की जानकारी होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसओ रानीगंज फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सुबह सीओ, तहसीलदार, एएसपी पूर्व के साथ एसपी मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से पूछताछ की। मामले में अभी किसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज होगा।
विज्ञापन

शुक्रवार की रात दतियाभानपुर गांव के लोग गहरी नींद में सो रहे थे।

रात करीब डेढ़ बजे गांव के रामप्रसाद यादव के दरवाजे पर एक युवक पहुंचा। उस समय उनके परिवार के सभी लोग बाहर सो रहे थे। बताते हैं कि वह रामप्रसाद की चारपाई के पास पहुंचकर कुछ ढूंढने लगा। तभी अचानक रामप्रसाद की नींद खुल गई। रामप्रसाद ने उससे नाम और यहां आने का कारण पूछा तो उसने बेल्ट निकालकर उन्हें पीटना शुरू कर दिया। इस पर उन्होंने शोर मचा दिया। ग्रामीण भागकर मौके पर पहुंचे और चोर को घेर लिया। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। खबर सुनने के बाद जो भी मौके पर पहुंचा उसने चोर पर हाथ साफ किया। किसी कठोर चीज से सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण वह वहीं गिर पड़ा। थोड़ी देर बाद ही उसकी मौत हो गई। यह देख ग्रामीण सहम गए। इस बीच किसी ने इसकी जानकारी रानीगंज पुलिस को दे दी। भोर में रानीगंज एसओ लल्लन यादव फोर्स के साथ गांव पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस के काफी प्रयास करने के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक ने नीली जींस और चेकदार शर्ट पहन रखी थी।

उसके दाहिने हाथ पर विजय गुदा हुआ था। उम्र तीस वर्ष के आसपास थी। आसपास के लोग आशंका जता रहे थे कि वह किसी भट्ठे का मजदूर था। घटना की जानकारी होने पर सुबह सीओ डीएल सुधीर, तहसीलदार रानीगंज, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अखिलेश्वर पांडेय के साथ एसपी अखिलेश चौरसिया मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन की। उन्होंने ग्रामीणों से पूछताछ भी की। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने किसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया था। एसओ लल्लन यादव का कहना है कि मारा गया युवक चोर था। रामप्रसाद के बेटे राजेश यादव ने दो दिन पहले 38 हजार में भैंस बेची थी। वह वही रुपये चोरी करने के चक्कर में आया था। ग्रामीणों ने उसे पीट-पीटकर मार डाला। जब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो जाती और तहरीर नहीं आती तब तक किसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं होगा। उधर, रामप्रसाद ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें उसने कहा है कि शुक्रवार रात में उसके घर में एक अज्ञात युवक घुसा था। शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीण उसे पीटने लगे। इससे उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें