सोमवार को गायघाट रोड स्थित साकेत गल्र्स कालेज से घर लौट रही छात्रा रास्ते से गायब हो गई। इसकी खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। कालेज के प्रिंसिपल और परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस छात्रा की तलाश में जुटी थी। इसी बीच अमेठी रेलवे स्टेशन पर करीब सात बजे मिल गई। इसके बाद परिजनों को पुलिस के साथ लेने के लिए भेजा गया।
नगर कोतवाली के दहिलामऊ निवासी प्रमोद कुमार तिवारी राजकीय बालिका इंटर कालेज में पुस्तकालयाध्यक्ष हैं। गायघाट रोड स्थित साकेत गल्र्स कालेज में उनकी बेटी समीक्षा तिवारी (12) कक्षा आठ और दूसरी बेटी सुरभि तिवारी कक्षा छह की छात्रा है। दोनों बहनें हर दिन साइकिल से कालेज जाती थीं। सोमवार दोपहर कालेज में अवकाश होने के बाद दोनों साइकिल से घर के लिए चल पड़ीं। छोटी बहन सुरभि आगे थी। समीक्षा उसके पीछे आ रही थी। सुरभि घर पहुंच गई, लेकिन समीक्षा घर नहीं पहुंची।
काफी देर बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचीं तो परिजन परेशान होकर खोजबीन में निकले। सुरभि ने परिजनों को बताया कि दहिलामऊ मंदिर तक उसने बहन को देखा था। इसके बाद वह गायब हो गई। खबर मिलने पर कालेज के लोग भी आ गए और उसकी खोजबीन करने लगे। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा। प्रभारी कोतवाल बालकृष्ण शुक्ला, सीओ रानीगंज डीएल सुधीर, क्राइम ब्रांच प्रभारी मनोज शुक्ला कालेज पहुंचे। प्रिंसिपल व शिक्षकों से पूछताछ के बाद पुलिस समीक्षा की छोटी बहन और मां से पूछताछ करने लगी। छात्रा को अगवा करने का परिजन संदेह जता रहे थे। प्रभारी कोतवाल ने बताया कि छात्रा के परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। उसकी खोजबीन की जा रही है।