जिले के छात्र-छात्राओं पर खतरा मंडरा रहा है। मंगलवार को केपी कालेज से छात्र घर नहीं लौटा। अंतू से छात्रा और मानधाता से छात्र कई दिनों से गायब है। शिकायत के बाद भी पुलिस परिजनों को ही खोजबीन के लिए कहती है। अष्टभुजानगर के छात्र चंद्रहास की खोजबीन के लिए अधिकारियों ने एसटीएफ मदद मांगी है। पुलिस के उदासीन रवैये से लापता छात्र-छात्राओं के परिजन परेशान हैं।
केस वन-
नगर कोतवाली के दहिलामऊ निवासी वेदप्रकाश राठौर का बेटा शैलेंद्र कुमार राठौर केपी कालेज में कक्षा नौ का छात्र है। मंगलवार की सुबह वह कालेज के लिए निकला था। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजन उसकी खोजबीन करने लगे, लेकिन उसका सुराग तक नहीं लगा। रिश्तेदारियों में भी पता किया, लेकिन कोई खबर नहीं मिली। परेशान होकर बुधवार को शैलेंद्र के पिता ने कोतवाली पुलिस से शिकायत की। मगर पुलिस ने खोजबीन के लिए प्रयास करना बेहतर नहीं समझा।
केस टू
जेठवारा थाना क्षेत्र के सराय बाबू निवासी रामपाल कोरी का बेटा मनोज कुमार कोरी इलाहाबाद में रहकर पढ़ाई करता है। 28 अगस्त 2015 से उसका मोबाइल बंद चल रहा है। बेटे की खोजबीन वह इलाहाबाद से लेकर रिश्तेदारियों में करता रहा, लेकिन उसका पता नहीं लगा। 31 अगस्त को उसकी बेटी के फोन पर मानधाता थाना क्षेत्र के रहने वाले एक पूर्व प्रधान का फोन आया कि मनोज उसके कब्जे में है। उसने आशंका जताई कि पूर्व प्रधान उसके बेटे की हत्या करा सकता है। शिकायत के बाद भी पुलिस ने मामले की छानबीन नहीं की।
केस थ्री
अंतू थाना क्षेत्र के मिसरौली निवासी मेवालाल पटवा की बेटी सावित्री देवी जनपद अमेठी के अम्मरपुर स्थित एमडी पब्लिक स्कूल में कक्षा दस की छात्रा है। वह 22 अगस्त को कालेज गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा। 26 को वह कालेज पहुंचा और स्कूल प्रबंधक से जानकारी लेने लगा। वह कुछ बताने से कतराने लगे। काफी प्रयास के बाद भी प्रबंधक ने उसे बेटी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। उसने आशंका जताई कि कालेज प्रबंधक ने उसकी बेटी को अगवा कर लिया है। अनहोनी की आशंका जताते हुए उसने पुलिस अधीक्षक व अंतू पुलिस को शिकायती पत्र दिया है।