बाजार में कार सवार लोगों का पीछाकर पुलिस ने पांच शातिर बदमाशों को हिरासत में ले लिया। चर्चा है कि कार में प्रतिबंधित असलहे बरामद हुए हैं। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस इस तरह की किसी धरपकड़ से इनकार कर रही है।
गुरुवार की शाम जेठवारा बाजार में इंडिगो कार का क्राइम ब्रांच की टीम पीछा कर रही थी। जेठवारा पुलिस बदमाशों की कार को रोकने के लिए चौराहे पर आकर रुकी हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो पुलिस ने कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह आगे निकल गई। इस पर क्राइम ब्रांच की टीम ने पीछा कर कार को ओवरटेक कर रोक लिया। कार सवार पांच लोगों को पुलिस ने नीचे उतारा। तलाशी के दौरान कार से बड़ी संख्या में प्रतिबंधित असलहे बरामद होने की बात सामने आई। पकड़े गए लोगों को पुलिस थाने ले गई। पूछताछ करने के बाद पुलिस दो लोगों को लेकर दबिश के लिए निकली। इस कार्रवाई को लेकर पुलिसकर्मी इनकार करते रहे। एएसपी पश्चिमी दिनेश सिंह ने बताया कि कुछ संदिग्ध लोग पकड़े गए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। निशानदेही पर पुलिस दबिश दे रही है।