यूपी
बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में सामूहिक नकल नहीं थम रही है। सेक्टर
और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती के बाद भी नकल का सिलसिला जारी है।
डीआईओएस ने तीन कॉलेजों के प्रिंसिपल को हटाकर परीक्षा कराने की जिम्मेदारी
दूसरे स्कूलों के शिक्षकों को दी है। इधर, एसडीएम कुंडा की संस्तुति पर
चार कॉलेजों को पहले ही डिबार करने की संस्तुति बोर्ड को भेजी है।
कुंडा
और लालगंज इलाके में सामूहिक नकल का सिलसिला जारी है। कुंडा में एसडीएम
सदर शशिभूषण राय की छापेमारी से हड़कंप मच गया है। मंगलवार को परीक्षा
केंद्रों की हालत देखने पर स्पष्ट हो गया कि केंद्रों पर सामूहिक नकल हो
रही है। डीआईओएस ने तेजी दिखाते हुए गुरुवार को बैजनाथ इंटर कॉलेज कुशीनगर
भटनी में तैनात प्रिंसिपल रामनरेश को हटाकर सरदार पटेल इंटरमीडिएट कॉलेज
रानीगंज में तैनात धर्मराज मिश्र को केंद्र व्यवस्थापक बनाया है। अयोध्या
प्रसाद उच्चत माध्यमिक विद्यालय डडिया जानकीनगर नौढ़िया के प्रिंसिपल समर
सिंह को हटाकर रानीगंज के शिक्षक अवधेश मिश्र को केंद्र व्यवस्थापक बनाया
गया है। आरपीएस इंटर कॉलेज पुनेहरी के प्रिंसिपल विनय कुमार को हटाकर
छेदीलाल को केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है। एसडीएम की रिपोर्ट पर चार
केंद्रों को पहले ही डिबार करने की संस्तुति भेजी गई है।