बाइक सवार बदमाशों ने यात्री पर चाकू से हमला कर उससे लूटपाट की। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। बाद में उसे डाक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया। पुलिस बदमाशों की खोजबीन कर रही है। जनपद जौनपुर के सुजानगंज निवासी बाबूलाल पुत्र फूलचंद्र अपने पड़ोसी मुन्ना के साथ दिल्ली जाने के लिए शनिवार को अपने घर से निकला था। वह चिलबिला स्टेशन रात में ही पहुंच गया। रात में दिल्ली के लिए उसे कोई ट्रेन नहीं मिली। इसके चलते उसने रात चिलबिला स्टेशन पर ही गुजार दी।
रविवार की सुबह वह मुन्ना को स्टेशन पर ही सामान की रखवाली करने की बात कहकर नाश्ता खोजने के लिए निकला। वह चिलबिला से आगे बढ़ते हुए बराछा मोड़ पर पहुंच गया। इस बीच बाइक से पहुंचे दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता कि बाइक सवारों ने उस पर चाकू से हमला बोल दिया। उसके पास से ढाई हजार रुपये व कीमती सामान लेकर भाग निकले। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे। तब तक बदमाश भाग चुके थे। घायल बाबूलाल को स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देख इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया। नगर कोतवाल हरपाल सिंह यादव ने बताया कि बदमाशों की खोजबीन की जा रही है।
नगर कोतवाली के टक्करगंज निवासी मुन्ना ट्रक चालक है। वह भंगवा चुंगी निवासी जफरुल का ट्रक चलाता है। रात में वह ट्रक अपने घर के बाहर खड़ा कर सो गया। रविवार की सुबह एक चोर उसके ट्रक में घुसकर जग चुराने लगा। तभी मुन्ना के घरवालों की निगाह उस पर पड़ गई। लोगों ने चोरी करने घुसे चोर को दबोच लिया और जमकर पिटाई की। इस बीच मोहल्ले के एक व्यक्ति ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उसे चालक ने मार दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पकड़े गए चोर और ट्रक चालक को अपने साथ कोतवाली ले गई। पुलिस ने चालक को हवालात में डाल दिया। जबकि चोर को बाहर कार्यालय में ही बैठा लिया। इसे लेकर ट्रक मालिक व पुलिस से तकरार भी हुई।