मानधाता थाना क्षेत्र के रामपुर में निर्माणाधीन बालिका इंटर कॉलेज से चोर
लाइसेंसी बंदूक समेत कीमती सामान उठा ले गए। कमरे में सो रहे प्रबंधक को
चोरों ने धमका दिया। कॉलेज प्रबंधक ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। रामपुर
निवासी सर्वजीत शर्मा गांव में ही बालिका इंटर कालेज का निर्माण करा रहे
हैं। निर्माणाधीन स्कूल भवन में ही वह रात में रुकते हैं। सोमवार की रात वह
अपने कमरे में सोने लगे।
तभी आधा दर्जन चोर असलहे के साथ आ धमके। चोरों ने
इनवर्टर, सोलर व कीमती सामान समेटने के साथ ही लाइसेंसी बंदूक भी उठा
लिया। तभी आहट पाकर सर्वजीत जग गए। वह विरोध करते इससे पहले ही बदमाशों ने
उन्हें तमंचा सटाते हुए जान से मारने की धमकी दी। इससे वह भयभीत हो गए।
इसके बाद चोर भाग निकले। रात में ही प्रबंधक ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन करने के बाद लौट गई। मंगलवार को
सर्वजीत ने चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। एसओ राजकिशोर ने बताया कि
घटना की छानबीन की जा रही है।