कंधई इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवार को सर्राफ की पिटाई करने के बाद तमंचा सटाकर सात लाख से अधिक के जेवरात और नगदी लूट ली। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। सूचना पर सक्रिय हुई पट्टी व कंधई पुलिस बदमाशों की खोजबीन कर रही है।
रानीगंज थाना क्षेत्र के जामताली निवासी विनीत कुमार सोनी पुत्र उदयराज सोनी ने बाजार में ही सर्राफा की दुकान खोल रखी है। वह जेवरात की मरम्मत व साफ- सफाई कराने के लिए मंगलवार की सुबह पट्टी गया था। वहां अजय सोनी की दुकान पर जेवरात में काम कराने व नए जेवरात लेकर अपनी दुकान के लिए बाइक से निकला। रानीगंज-पट्टी मार्ग पर पूरे बोधराम मैनहा गांव के करीब पहुंचा ही था कि पीछा कर रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। एक बदमाश उसे पकड़कर पीटने लगा और सड़क के पश्चिम तरफ खेत में घसीटकर ले गया। यहां बदमाशों ने उसे तमंचा सटा दिया और उसके पास से जेवरात से भरा बैग लूट लिया।
विनीत का मोबाइल छीनने के बाद जेब से रुपये भी निकाल लिए। इसके बाद बदमाश वहां से भाग निकले। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे। चूंकि घटनास्थल कंधई और पट्टी सीमा क्षेत्र में था। इसलिए दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की खोजबीन करने में जुट गई। पीड़ित सर्राफ के मुताबिक उसके पास लगभग सात लाख के जेवरात भी थे। करीब दस हजार रुपये नगद भी बैग में रखे थे। घटनास्थल कंधई थाना क्षेत्र में होने पर वहां की पुलिस ने सर्राफ से तहरीर ली। एसओ सुरेश सैनी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।