लैपटॉप बनवाने के लिए इलाहाबाद से बुलाकर एक दुकानदार को कुछ युवकों ने मार-पीटकर मोबाइल समेत रुपये छीन लिया। आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़ित दुकानदार ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। कोतवाली क्षेत्र के मनगढ़ कटिहर गांव निवासी अंकित तिवारी पुत्र कमलेश तिवारी इलाहाबाद में कम्प्यूटर बनाने की दुकान चलाता है।
शनिवार को बेंती व मनगढ़ गांव के कुछ युवकों ने उसे फोनकर बुलाया कि स्टेशन हरनामगंज आ जाओ, लैपटाप बनवाना है उसे लेकर चले जाना। जब वह सुबह ट्रेन से आया तो स्टेशन के बाहर कुछ लड़के खड़े मिले जो लैपटाप देने की बात कहते हुए उसे करेटी रोड तक ले आए। इसके बाद उसे मारना पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और बीच बचाव कर मामला शांत कराया। इस दौरान बदमाशों ने अंकित का मोबाइल व पांच हजार रुपये भी छीन लिए। पीड़ित किसी तरह कोतवाली पहुंचा और घटना की लिखित तहरीर पुलिस को दी।