फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फैक्ट्री से 92 पेटी शराब उठा लाए लालगंज कोतवाल

Tue, 02 Feb 2016 11:40 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
महेशगंज थाना क्षेत्र के आजादनगर में अवैध शराब फैक्ट्री में इलाहाबाद क्राइम ब्रांच की टीम के साथ छापा मारने गए लालगंज के कोतवाल बरामद 92 पेटी शराब को महेशगंज पहुंचाने के बजाय अपनी कोतवाली उठा लाए। दूसरे दिन पोल खुली तो आनन-फानन में कोतवाल ने उसे सौरंग नाले में बरामद होना दिखा दिया। मामले की छानबीन करने पहुंचे एएसपी पश्चिमी दिनेश सिंह को पुलिसकर्मियों के बयान में झोल ही झोल मिला। रविवार की रात इलाहाबाद क्राइम ब्रांच ने सीओ सदर राकेश कुमार नायक, लालगंज कोतवाल, महेशगंज, सांगीपुर समेत दूसरे थानों की पुलिस के साथ अवैध शराब की फैक्ट्री में छापेमारी की थी। मंगलवार को अधिकारियों को खबर मिली कि लालगंज कोतवाली में महेशगंज थाना क्षेत्र के आजादनगर स्थित फैक्ट्री में बनी अवैध शराब रखी हुई है। यह खबर सुनते ही अधिकारियों ने लालगंज पुलिस से पूछताछ शुरू की।
विज्ञापन


 पुलिस अधीक्षक माधव प्रसाद वर्मा ने मामले की छानबीन करने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी दिनेश सिंह को मौके पर भेजा। मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद लालगंज कोतवाल बिहागड़ सिंह यादव ने आनन-फानन में अवैध शराब को सौरंग नाले के पास से बरामद होने की लिखापढ़ी कर दी। बरामद शराब आजाद नगर स्थित फैक्ट्री की ही दर्शाई गई है। पुलिस सूत्रों की मानें तो अवैध शराब की जांच को पहुंचे एएसपी ने लालगंज कोतवाल से पूछताछ की तो वह सही जवाब नहीं दे सके। जिस सौरंग नाले पर शराब बरामद होने का दावा कोतवाल कर रहे थे वहां छानबीन के दौरान कोई कुछ भी बता नहीं सका। पुलिसकर्मी भी सही जवाब नहीं दे सके। सबसे बड़ा सवाल यह था कि 92 पेटी अंग्रेजी और देशी शराब बरामद करने के बाद कोतवाल ने अधिकारियों को मामले की जानकारी तक नहीं दी। जबकि मौजूदा समय में ऐसी कोई बरामदगी पुलिस विभाग के लिए खासा महत्वपूर्ण थी। कई सवालों का जवाब कोतवाल नहीं दे सके।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें