दहिलामऊ इलाके की एक विवाहिता ने सास और देवरों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पति विरोध करता था तो उसे पीट दिया जाता था। रविवार को विवहिता के पिता ने इस मामले में पंचायत बुलाई थी। इसमें कोतवाली पुलिस भी पहुंची थी। पंचायत के दौरान मारपीट होने लगी। बाद में पुलिस विवाहिता के पति को ही थाने उठा ले गई। अमेठी जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के गंगागंज निवासी जय नारायण यादव ने दो वर्ष पहले अपनी बेटी पूनम की शादी नगर कोतवाली के दहिलामऊ निवासी राजू यादव के साथ की थी। राजू छत्तीसगढ़ में रहता था।
घर पर उसकी पत्नी रहती थी। पूनम का आरोप है कि उसके देवर व सास उससे घर से दहेज लाने की बात कहकर प्रताड़ित करते थे। राजू ने इसका विरोध किया तो उसकी भी पिटाई कर दी गई। रविवार को जयनारायण ने राजू के घर पर पंचायत बटोर ली। पंचायत में राजू ने कोतवाली पुलिस को भी बुला रखा था। पंचायत के दौरान राजू के भाई जयनारायण की पिटाई करने लगे। राजू बीचबचाव करने लगा। कोतवाली पुलिस राजू व उसके भाई को कोतवाली उठा ले गई। जयनारायण का आरोप है कि राजू के भाइयों ने पुलिस के सामने पिटाई कर उसकी जेब में रखे रुपये भी छीन लिए। उसने बताया कि राजू की इसमें कोई गलती नहीं है, मगर कोतवाली पुलिस ने उनके भाइयों से मिले होने के कारण उसे भी हवालात में डाल दिया। शहर कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि मारपीट की घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। राजू को पूछताछ के लिए कोतवाली लाया गया है।