दो वर्ष पहले एक वृद्ध के नाम से बैंक आफ बड़ौदा डेरवा से 80 हजार रुपये का ऋण ले लिया गया। इसकी जानकारी वृद्ध को हुई तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। लक्ष्मणपुर विकास खंड के डीह मेहंदी बाबूगंज निवासी घनश्याम उपाध्याय रेलवे से सेवानिवृत्त होने के बाद घर पर रहते हैं। रविवार को उनके नाम जब बैंक आफ बडौदा से 86422 रुपये के ऋण अदायगी का नोटिस पहुंचा तो वे दंग रह गये।
उनका कहना है कि उन्होंने किसी भी बैंक से कोई लोन लिया ही नहीं है। वह तत्काल बैंक आफ बडौदा डेरवा आए और मैनेजर विजय कुमार पांडेय को नोटिस दिखाकर सारी बात बताई। मैनेजर ने जब इस बारे में जांच पडताल की तो पता चला कि किसी ने उनकी खतौनी व उनका हस्ताक्षर बनाकर तथा दूसरे की फोटो लगाकर उनके नाम से 19 जनवरी 2013 को 80 हजार रुपये ऋण ले लिया था। वर्तमान मैनेजर विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि घनश्याम के नाम से किसी ने फर्जी तरीके से ऋण ले लिया है। इसकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।