ठंड में अलाव जलवाने के लिए सूखी लकड़ी की नगर पालिका में सप्लाई करने वाले ठेकेदार रमेश सिंह ने ईओ व एई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस खबर से नगर पालिका में हड़कंप मच गया है। ईओ ने भी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा है। नगर कोतवाली के पल्टन बाजार निवासी रमेश प्रताप सिंह ठंड में अलाव के लिए सूखी लकड़ी की सप्लाई करता है। उसका आरोप है कि इस बार ठंड से बचाव के लिए उसने साढ़े तीन लाख रुपये की लकड़ी सप्लाई की थी। काफी दिनों बाद उसे ढाई लाख के करीब रुपये नगर पालिका प्रशासन ने दिए। बकाया एक लाख 4 हजार रुपये नही दिया।
इसके लिए वह बराबर नगर पालिका का चक्कर लगाता रहा। बुधवार को वह रुपये मांगने के लिए नगर पालिका कार्यालय गया था। आरोप है कि वहां अधिशाषी अधिकारी अवधेश यादव और एई दिलीप शुक्ला ने रुपये मांगने पर उसके साथ दुर्व्यहार किया और भुगतान न करने की बात कही। इसे लेकर उनके बीच कहासुनी हुई थी। इस मामले में पुलिस ने रमेश की तहरीर पर गुरुवार की देर शाम ईओ व एई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इस बाबत ईओ अवधेश कुमार ने बताया कि ठेकेदार रमेश कार्यालय आया था। उसने ही विवाद किया। लकड़ी सप्लाई की जांच हो रही है। उन्होंने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को मामले से अवगत कराते हुए ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायती पत्र भेजा है।