आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के धनसार गांव में बनी मस्जिद में शुक्रवार की रात चोरी हो गई। चोर मस्जिद में लगी माइक व कुरान उठा ले गए। सुबह जानकारी होने पर दोनाें समुदायाें के बीच तनातनी का माहौल पैदा हो गया। जानकारी होने पर एसडीएम तहसीलदार, सीओ व थानाध्यक्ष आसपुर देवसरा मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पेश इमाम की शिकायत पर एक आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने चोरी गए सामान की बरामदी का दावा किया है।
आसपुर देवसरा इलाके के धनसार गांव में बनी मस्जिद में शुक्रवार की रात चोरी हो गई। चोर मस्जिद में लगी माइक बैटरी तार व कुरान की आयत उठा ले गए। उसने कुरान के कुछ पन्नों को तितर-बितर कर दिया था। सुबह पेश इमाम रफीक खान सुबह की नमाज अता करने के लिए मौके पर गए तो चोरी का पता चला। सुबह होते होते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। चोरी के इस मामले की जानकारी एसओ आसपुर देवसरा संतोष दुबे को दी गई तो वह दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालना चाहा। परंतु दोनों पक्षों के दबाव को देखते हुए उन्होंने घटना से उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया।
इस पर एसडीएम पट्टी रामशंकर, नायब तहसीलदार राजकपूर, पुलिस क्षेत्राधिकारी पट्टी कानूनगो नन्हें वर्मा समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दोनों समुदायों के लोगों के प्रबुद्धजनों को बुला कर बातचीत की गई और चोरी के आरोपी के घर से पुलिस ने कुरान, माइक व तार बरामद करने का दावा किया है। घटना के बाद से आरोपी घर से फरार है। पुलिस उसकी खोज में लगी है। माहौल गरम देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना पर अधिकारी भी नजर जमाए हुए हैं। इस संबंध में जब एसओ देवसरा से बात की गई तो उन्हाेंने कहा कि घटना और बारावफात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुला लिया गया है। गलत काम करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी पर शख्त कार्रवाई की जाएगी।