संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के बाबागंज बाजार में शनिवार को दिनदहाड़े गुमटी दुकानदार को बाइक से आए दो युवकों ने गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वारदात के बाद जब दोनों आरोपी भागने लगे तो बाजार के कुछ लोगों ने उन पर पथराव कर दिया। इस पर
दोनों युवकों ने अंधाधुंध हवाई फायरिंग करने लगे। एक युवक ने बाइक से पीछा करने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उस पर भी फायर झोंक दिया। वह बाल-बाल बच गया। गोली उसके कान को छूते हुए निकल गई। हमलावरों के जाने के बाद आसपास के लोगों ने घायल दुकानदार को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर कई थानों की फोर्स पहुंची। घटना से बाजार में भारी तनाव है। इसके चलते पुलिस बल के साथ ही पीएसी की तैनाती की गई है।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के सांडा हर्षपुर निवासी रमेश पांडेय उर्फ संन्यासी (48) ने बाबागंज में हीरागंज रजबहा के पुल पर गुमटी में पान की दुकान खोल रखी है। शनिवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह दुकान खोलकर बैठा था। इस दौरान एक बाइक से दो युवक मुंह बांधकर दुकान पर पहुंचे और उस पर फायर झोंक दिया। रमेश ने बचने का प्रयास किया, लेकिन गोली उसके जबड़े में जा घुसी। इससे वह वहीं गिरकर छटपटाने लगा। घटना के बाद आसपास के लोगों ने हमलावरों पर पथराव शुरू कर दिया।
इससे बौखलाए बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और भागने लगे। इस दौरान एक युवक ने बाइक से उनका पीछा करने का प्रयास किया तो उस पर भी फायरिंग कर दी। गोली उसके कान को छूती हुई निकल गई। बाइक अनियंत्रित होने से वह सड़क पर गिर पड़ा। उधर, दुकानदार को पीएचसी बाबागंज में भर्ती कराया गया, जहां से उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया गया। सूचना पर कई थानों की फोर्स और अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी दिनेश सिंह मौके पर पहुंचे। घटना को लेकर बाजार के लोगों में भारी तनाव था। इसके कारण बाजार में पीएसी और पुलिस बल तैनात कर दिया गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद पूरा बाजार बंद हो गया। मामले में पुलिस ने बाबागंज बाजार के दो युवकों को हिरासत में ले लिया। गुजवर और सादासाई गांव में दबिश देकर हमलावरों के परिजनों को भी हिरासत में लिया गया है।