काशीराम आवास योजना में सोमवार रात असलहों से लैस बदमाशों ने जमकर तांडव किया। एक दर्जन परिवारों को बंधक बनाकर करीब दो घंटे तक लूटपाट करते रहे। चौकीदार और सुपरवाइजर ने विरोध किया तो उनकी भी पिटाई कर दी गई। सुपरवाइजर के पास रखी नगदी और परिसर में लगे ट्रांसफार्मर को तोड़ कर कीमती कापर वायर और तेल भी बदमाश लूट ले गए। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग भी की। महिलाओं और पुरुषों को पीटा भी गया। मंगलवार सुबह लोग उधर से गुजरे तो लूटपाट के बारे में पता चला तो मऊआइमा थाने की पुलिस वहां पहुंची। मौके पर खोजी कुत्ता के साथ फील्ड यूनिट भी पहुंची लेकिन फिलहाल बदमाशों के बारे में पुलिस कोई जानकारी नहीं जुटा सकी है।
मऊआइमा नगर पंचायत के लिए मऊ दोस्तपुर गांव में काशीराम आवास योजना के तहत साढ़े चार सौ मकान बनाए गए हैं। इनमें 392 आवास आवंटित हो गए हैं। अभी भी वहां काम चल रहा है। सोमवार रात करीब 11 बजे एक दर्जन से ज्यादा बदमाश असलहों से लैस होकर वहां पहुंचे। गेट पर तैनात चौकीदार सुकरू को पीटकर बदमाश अंदर दाखिल हो गए। पहले सभी बदमाश सीधे सुपरवाइजर राहुल मिश्र के पास गए। राहुल ने टोका तो बदमाशों ने उसे पीटकर मजदूरों को बांटने के लिए रखे 40 हजार रुपये लूट लिए। स्टोर रूम में रखे कीमती सामान भी बदमाशों ने अपनी गाड़ी में लाद लिए। इसके बाद अपराधियों ने कॉलोनी में रहने वाले लोगों को निशाना बनाया। बदमाशों ने एक के बाद एक करीब डेढ़ दर्जन घरों में घुसकर परिवारों को बंधक बना कर दो घंटे तक लूटपाट की। किसी से दस हजार तो किसी से 15 हजार रुपये नगद, गहने, मोबाइल फोन लूट लिए। बदमाशों ने नसीम, रामलखन, पप्पू समेत बाकी परिवारों से करीब चार लाख रुपये की लूटपाट की। इसी बीच कुछ अपराधियों ने परिसर में लगे 24 केवीए के ट्रांसफार्मर को तोड़कर कीमती कापर वायर और तेल भी निकाल लिया। इसकी कीमत जेई रविशंकर ने करीब छह लाख बताया है। लूटपाट के दौरान विरोध पर महिलाओं से बदसलूकी हुई और पुरुषों को पीटा गया। फायरिंग भी की गई। मौके पर 315 बोर के तीन कारतूसों के खोखे मिले। दो घंटे में दस लाख से ज्यादा का माल बटोरकर बदमाश दरवाजे बाहर से बंदकर जीप से भाग गए। मंगलवार सुबह उधर से गुजरे लोगों को को वारदात की जानकारी हुई तो मऊआइमा पुलिस को खबर दी। पुलिस वहां पहुंची। फील्ड यूनिट प्रभारी प्रेम भारती भी खोजी कुत्ते के साथ आ गए। सुपरवाइजर राहुल मिश्र की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का केस लिखा गया।
दो घंटे तक मनमानी के दौरान बदमाशों ने लूटपाट के अलावा नशाखोरी भी की। अलग-अलग घरों में घुसे बदमाशों ने बैठकर शराब पी। जबरन खाना खाया। किसी के यहां रोटी सब्जी तो किसी के घर में खिचड़ी। वहीं एक दुकान में भी घुसकर बिस्किट नमकीन और मेवे खाए। पुलिस को घरों में शराब की चार बोतल भी मिलीं। एक घर में तो बदमाशों ने खाना नहीं बनाने पर मारपीट भी की। तमंचे देख लोग दहशत में रहे।