औराइन गांव के शिक्षक देवेंद्र पांडेय (44) की बुधवार सुबह स्कूल जाते समय रानीपुर मरहा में गोली मारकर हत्या कर दी गई। ग्रामीणों के दौड़ाने पर हत्यारे फायरिंग करते हुए भाग निकले। वारदात से भड़के शिक्षकों ने शव को चार घंटे तक नहीं उठने दिया। हत्या के पीछे जमीन संबंधी विवाद बताया जा रहा है।
देवेंद्र्र पांडेय पुत्र शंभूनाथ पूर्व माध्यमिक विद्यालय रानीपुर मरहा में शिक्षक थे। बुधवार सुबह वह बाइक से विद्यालय जा रहे थे। स्कूल से पांच सौ मीटर पहले ही माइनर स्थित सड़क पर बाइक सवार दो लोगों ने उन्हें रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हाथापाईं के दौरान दोनों हत्यारों ने एक के बाद एक तीन गोलियां देवेंद्र के हाथ और सिर में उतार दीं। फायर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े पड़े। ग्रामीणों को आते देख हत्यारे हवाई फायरिंग करते हुए दुर्गापुर (जनपद सुल्तानपुर) की ओर भाग निकले। देवेंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
इस दौरान वहां ग्रामीणों का जमघट लग गया। घटना की सूचना विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजबली सरोज ने पुलिस को दी। शिक्षक की हत्या की खबर मिलते ही इलाके के शिक्षकों के साथ मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। साथी की हत्या से आक्रोशित शिक्षक शव उठाने से रोक दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान सैकड़ों शिक्षकों के साथ मौके पर पहुंचे शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रमाशंकर शुक्ल धरने पर बैठ गए। आक्रोशित शिक्षक जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की जिद करने लगे। करीब चार घंटे बाद जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक बलिकरन सिंह यादव व बीएसए एसटी हुसैन, एडीएम पुनीत शुक्ल, एएसपी तारिक मोहम्मद घटनास्थल पर पहुंचे। शिक्षकों व परिजनों की मांग पूरा करने का भरोसा दिलाते हुए हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।
इसके बाद पुलिस शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी। घटना के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। मृतक का गांव के एक व्यक्ति से जमीन को लेकर काफी पुराना विवाद चला आ रहा है। उसमें एक बार विपक्षी के पक्ष में फैसला हुआ था। मगर 19 फरवरी 2015 को शिक्षक के पक्ष में फैसला हुआ था। परिजनों व क्षेत्रीय लोगों की मानें तो विवादित जमीन को लेकर दोनों पक्ष कई बार आमने-सामने हुए थे। पुलिस की शुरुआती जांच भी इसी बिंदु पर टिकी हुई है। हालांकि परिजनों ने देर शाम तक पुलिस को नामजद तहरीर नहीं दी। इस बाबत एएसपी तारिक मोहम्मद ने बताया कि शिक्षक की हत्या के कारणों को खंगाला जा रहा है। प्रथमदृष्टया मामला जमीन से ही जुड़ा लग रहा है। इसके बावजूद हर बिंदु पर छानबीन की जा रही है।