अधिवक्ता जवाहर लाल मिश्र की हत्या में नामजद हत्यारोपी प्रधानपति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था। पुलिस उससे घटना के सिलसिले में पूछताछ कर रही है। लालगंज कोतवाली के खरगपुर निवासी अधिवक्ता जवाहरलाल मिश्र की 15 मार्च को कचहरी आते समय बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में बेटे राजीव मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने गांव के प्रधानपति शशिकांत मिश्र उर्फ भोला के खिलाफ नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घटना की छानबीन के साथ ही प्रधानपति की खोजबीन शुरू कर दी। कोतवाली के एसआई संतोष अवस्थी का दावा है कि उन्होंने रविवार को अधिवक्ता के हत्यारोपी भोला को भुपियामऊ स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। वह भागने की फिराक में था। पुलिस उससे घटना के सिलसिले में बिंदुवार पूछताछ कर रही है। कब से दोनों के बीच अदावत चल रही है। नगर कोतवाल हरपाल सिंह यादव ने बताया कि नामजद आरोपी प्रधानपति से घटना से जुड़े तमाम पहलुओं पर जानकारी ली जा रही है। गोली मारने वालों की तलाश में भी टीमें लगी हुई हैं।