वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर सोमवार की सुबह बलिया के सीएमओ की बेकाबू स्कार्पियो ने साइकिल सवार चाचा-भतीजे को रौंद दिया। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्कार्पियो पेड़ से टकराने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गंभीर रूप से घायल सीएमओ को जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने तत्काल उन्हें इलाहाबाद रेफर कर दिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फतनपुर थाना क्षेत्र के बैरमपुर सुवंसा निवासी संतोष कुमार का बेटा आनंदे कुमार (10) अपने चाचा संदीप कुमार (12) पुत्र जीतलाल के साथ सोमवार की सुबह साइकिल लेकर खेत में मवेशियों का चारा लाने गया था। दोनों साइकिल पर चरी लादने के बाद घर के लिए चल पड़े। वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर जगतपुर मोड़ के करीब बादशाहपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो साइकिल को रौंदते हुए पेड़ से जा टकराई। हादसे में साइकिल पर सवार आनंदे और संदीप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग दौड़ पडे़। स्कार्पियो में फंसे सीएमओ बलिया अजय कुमार श्रीवास्तव को बाहर निकाला। तब तक पुलिस भी पहुंच गई।
गंभीर रूप से घायल सीएमओ बलिया को छोड़कर चालक भाग निकला। पुलिस सीएमओ को जिला अस्पताल ले आई। यहां डाक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देख इलाहाबाद रेफर कर दिया। एंबुलेंस से सीएमओ को तत्काल एसआरएन ले जाया गया। उधर, चाचा-भतीजे की मौत की खबर मिलते ही घर पर कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल की ओर भागे। घर से लेकर हाईवे तक करुण क्रंदन से गम का माहौल रहा। पुलिस ने चाचा-भतीजे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।