क्षेत्रीय विधायक पर आरोप प्रत्यारोप करने के साथ ही तंज कसने को लेकर दो क्षेत्र पंचायत सदस्यों के बीच मारपीट हो गई। जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही अंतू पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बीडीसी सदस्यों को हिरासत में लेकर थाने चली गई। उन्हें छुड़ाने के लिए विधायक व सत्ता दल के नेता पैरवी करते रहे।
अंतू इलाके के बजरंगनगर के एक ढाबे पर गुरुवार की शाम क्षेत्रीय लोगों का जमघट लगा हुआ था। वहां लोग आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा कर रहे थे। जनप्रतिनिधियों पर तंज कसा जा रहा था। इस बीच क्षेत्रीय विधायक पर एक क्षेत्र पंचायत सदस्य आरोप प्रत्यारोप लगाने लगा। चुनाव में हार जीत की बात होने लगी। इसे लेकर पूरबगांव के बीडीसी सदस्य मकदूम उर्फ लल्लन और बंडाखुटार के बीडीसी सदस्य मनोज पासी टकरा गए। देखते ही देखते उनके बीच मारपीट होने लगी। जिससे वह अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
लोगों ने घटना की सूचना अंतू पुलिस को दी। अंतू पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ के बाद दोनों बीडीसी सदस्यों को अपने साथ थाने उठा ले गई। थानाध्यक्ष हरपाल सिंह यादव ने बताया कि चुनाव की चर्चा के दौरान भिड़ने वाले बीडीसी सदस्यों का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया गया है।