सीडीओ महेंद्र बहादुर सिंह के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में परिवाद दाखिल किया गया है। मनरेगा के पूर्व जिला समन्वयक सोशल ऑडिट असित कुमार सिंह की ओर से दाखिल वाद में जान से मारने और गाली देने का आरोप लगाया है।
जिले के कोहंडौर इलाके के नरहरपुर गांव निवासी असित कुमार सिंह पूर्व में मनरेगा के जिला समन्वयक सोशल ऑडिट के रूप में तैनात थे। उन्हें विकास भवन में एक कक्ष भी एलॉट किया गया था। उन्होंने बुधवार को सीजेएम कोर्ट में 156(3) के तहत वाद दायर करके आरोप लगाया है कि चार मार्च 2016 को सीडीओ महेंद्र बहादुर सिंह ने उन्हें अपने कक्ष में बुलाकर गालियां दी और जान से मारने की धमकी देते हुए सेवा समाप्त करने की चेतावनी दी। असित ने बताया कि सीडीओ कार्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज में यह वाकया कैद है।
इसके बाद उन्हें साजिश के तहत हटा दिया गया। उन्होेंने सीडीओ के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। सीडीओ महेंद्र बहादुर सिंह से बात करने का प्रयास किया गया, मगर उनका मोबाइल नहीं उठा।